कृषि विभाग की ओर से कृषि मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने आधुनिक तकनीकि अपनाकर उन्नत खेती करने एवं पशुपालन व सब्जी उगाकर आर्थिक बचत करने की सलाह दी। स्टेडियम रोड स्थित बीज गोदाम पर कृषि सूचनातंत्र सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूक कार्यक्रम के तहत कृषि निवेश मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य ऋषिपाल वर्मा ने किया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. रीना सेठी ने घर के पास ही किचन गार्डन बनाकर सब्जी उत्पादन करने की सलाह दी। डॉ. एसएस ढाका ने धान की पौध तैयार करने से पूर्व उर्वरकों के प्रयोग करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि नीचे खाद न डालकर एनपीके का स्प्रे एवं जिंक का एक स्प्रे पौध पर करना लाभकारी होगा। डॉ. एनसी त्रिपाठी ने भौतिक कीट नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा की। जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. मुकेश गौतम ने आईपीएम किट और एसडीओ ऋतुषा तिवारी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। डिप्टी पीडी राजकुमार, डास्प के जिला समन्वयक डॉ. ब्रजेश गौतम, तकनीकि प्रबंधक प्रदीप मिश्रा ने भी अपने विचार रखे। यहां जगदीश कुमार, संतराम वर्मा, जियालाल, राजवीर सिंह, इंद्रपाल, बसंतलाल, मदन सिंह, हरिनंदन, संजीव पटेल, डॉ. डाल सिंह गंगवार, सोहनलाल सहित कई लोग थे।