पीलीभीत: इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण के अश्लील वीडियो किए पोस्ट, दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत जिले में बाल यौन शोषण से संबंधित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से मिली शिकायतों की जांच के बाद दो मामले दर्ज किए हैं। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
विस्तार
पीलीभीत में इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण से संबंधित अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने के दो मामले सामने आए हैं। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से मिली शिकायतों की जांच के बाद थाना सुनगढ़ी पुलिस ने दो संदिग्धों के खिलाफ अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
थाना सुनगढ़ी में तैनात उपनिरीक्षक विष्णु सिंह सोलंकी की तहरीर पर दर्ज की गई रिपोर्ट में बताया गया है कि गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली शिकायत की जांच में अजय गुरु नाम के संदिग्ध की इंस्टाग्राम आईडी से 30 मार्च 2026 को बाल यौन शोषण से संबंधित वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी सामने आई।
वहीं, दूसरी शिकायत की पड़ताल में साक्षी सिंह नाम की इंस्टाग्राम आईडी से 19 दिसंबर 2025 को इस तरह की अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने का मामला प्रकाश में आया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चों से जुड़ी अश्लील वीडियो अपलोड करने पर रिपोर्ट
फेसबुक पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने पर कोतवाली पुलिस ने ओमप्रकाश सागर और तीन मोबाइल नंबरों से वीडियो अपलोड होने पर रिपोर्ट दर्ज की है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की ओर से संचालित राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर की गई।
सीओ विधि भूषण मौर्या ने बताया कि दरोगा वरुण राणा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली वीडियो, रिपोर्ट का अवलोकन किया गया। संबंधित वीडियो पांच मार्च 2026 को नौ बजकर 14 मिनट, 17 सेकंड पर फेसबुक पर अपलोड की गई। इसमें वीडियो अपलोड करने वाले संदिग्ध का नाम ओमप्रकाश सागर और तीन मोबाइल नंबर अंकित मिले।