Pilibhit News: डंपर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत, शादी समारोह में जा रहे थे दोनों
पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बरखेड़ा के निकट शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे डंपर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। हादसा इतना वीभत्स था कि घटनास्थल पर मंजर देख लोगों का कलेजा कांप गया।
विस्तार
बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर ज्योरहा कल्याणपुर के निकट शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार मां- बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहा शमशुल बाल-बाल बच गया। घायलों को बरखेड़ा सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिजन बदहवास हो गए। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
बरखेड़ा क्षेत्र के गांव पौटाकलां निवासी शमशुल हसन ने बताया कि नवाबगंज में उसकी पत्नी की रिश्तेदारी है। शुक्रवार को पत्नी की रिश्ते की बहन की बेटी की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए पत्नी कुलसुमन बेगम (40) पुत्र अरसलान को साथ लेकर शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे घर से बाइक से घर से नवाबगंज के लिए निकला था।
डंपर ने पीछे से मारी टक्कर
पौटा कला से बरखेड़ा होकर पीलीभीत के रास्ते नवाबगंज जा रहे थे। बरखेड़ा से पीलीभीत की ओर बढ़ते ही गांव ज्योरहा कल्याणपुर में मुख्य मार्ग पर अचानक पीछे से आए डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों लोग गिर गए। कुलसुमन और अरसलान गंभीर रूप से घायल हो गए।
हेलमेट लगा होने से शमशुल बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद भीड़ इकट्ठा हो गई। घायलों को बरखेड़ा सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। टक्कर के बाद चालक मौके से भाग निकला। कुछ लोग पीछा कर रहे थे इसलिए आगे जाकर डंपर छोड़ गया। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है।
चार भाइयों में सबका लाडला था अरसलान
शमशुल पेंटर का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। शमशुल के चार पुत्र हैं। मृतक अरसलान सबसे छोटा होने के चलते सबका लाडला था। शमशुल मेहनत कर पुत्र को कक्षा आठ में पढ़ा रहे थे। हादसे में मां-बेटे की मौत के बाद पति समेत अन्य परिजन बदहवास हैं।