पीलीभीत। जिला जजी परिसर में नवनिर्मित न्यायिक भवन का उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति और पीलीभीत जिले के प्रशासनिक न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने मंगलवार को लोकार्पण किया।
न्यायमूर्ति ने पूजा और शिला पट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया। उन्होंने जजी परिसर में बनाए गए पीएसी बैरक के भवन का भी लोकार्पण किया। इसके बाद न्यायालय परिसर और न्यायालयों का अवलोकन किया। न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने अधिवक्ताओं से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनी। अधिवक्ताओं ने न्यायमूर्ति से अनुरोध किया कि वादकारियों के हित में कोई भी जिला मुख्यालय से तहसील मुख्यालय पर न भेजा जाए क्योंकि जिला मुख्यालय पर सभी अदालतें एक साथ रहने से वादकारियों को एक स्थान पर ही आसानी से सस्ता और सुलभ न्याय मिल जाता है। न्यायमूर्ति ने कहा कि बार और बेंच मिलकर वादकारियों को समय पर न्याय दिलाने में सार्थक प्रयास करें। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार, स्पेशल जज राकेश कुमार वशिष्ठ, जिला मजिस्ट्रेट पुलकित खरे, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक कुमार पांडे, परिवार न्यायालय के अपर प्रधान न्यायाधीश सुरेंद्र मोहन सहाय ,मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार सिंह, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुन्नालाल, कोर्ट मैनेजर शशिकांत सिंह समेत तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।