बिरयानी खिलाकर किया दुष्कर्म: पीलीभीत में युवती ने युवक पर लगाया आरोप, वीडियो वायरल करने की दे रहा धमकी
पीलीभीत में एक युवती से दुष्कर्म और उसका अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। युवती ने मोहल्ले के ही युवक पर आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की एक युवती ने मोहल्ले के ही युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शोषण करने और दोस्त के घर ले जाकर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी ने घटना का वीडियो बना लिया और विरोध करने पर उसे वायरल करने की धमकी दी। शिकायत करने पर आरोपी के परिवार ने गालीगलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले का नमन ने उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि इस दौरान उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। जब युवती ने शादी करने के लिए कहा तो आरोपी हर बार किसी न किसी बहाने से बात टाल देता था। युवती के अनुसार आरोपी के पिता रामगोपाल को भी इसकी जानकारी थी।
आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी
आरोप है कि 13 अगस्त की सुबह नमन उसे बहलाकर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक कॉलोनी में अपने दोस्त सोनू कटियार के कमरे पर ले गया। आरोप है कि वहां बिरयानी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया गया। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गई। युवती का आरोप है कि इसी दौरान नमन ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। होश में आने के बाद युवती ने घटना का विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने गालीगलौज की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि युवती लगाए गए आरोपों की जांच कर विवेचना की कार्रवाई को जल्द ही पूरा किया जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।