Pilibhit: थाने से भगवान बुद्ध की अष्टधातु की मूर्ति गायब, तत्कालीन हेड मोहर्रिर सहित पुलिसकर्मियों पर रिपोर्ट
पूरनपुर थाने के मालखाने में भगवान बुद्ध की अष्टधातु की मूर्ति रखी थी, जो गायब है। इस मामले में तत्कालीन हेड मोहर्रिर सहित पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर थाने से भगवान बुद्ध की अष्टधातु की मूर्ति चोरी होने के मामले में न्यायालय की सख्ती के बाद एसपी के निर्देश पर तत्कालीन हेड मोहर्रिर सहित पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाने के मालखाने में गायब हुई मूर्ति एक दिन पूर्व खंगाली गई थी, लेकिन वह मिल नहीं सकी थी।
दरअसल वर्ष 2006 में अपराध संख्या 965 के तहत पूरनपुर थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें प्राचीन एवं पुरातत्व अधिनियम की धाराएं लगाई गई थीं। मुकदमे से संबंधित भगवान बुद्ध की अष्टधातु की मूर्ति न्यायालय में मुकदमे के विचारण के दौरान पेश की जानी थी, मगर यह मूर्ति पुलिस द्वारा पेश नहीं की जा सकी।
सायमा से शालिनी बनी युवती: हिंदू धर्म अपनाकर प्रेमी संग लिए सात फेरे, बोली- नहीं झेलना होगा तीन तलाक का दर्द
मूर्ति पेश करने के दिए गए थे आदेश
इसके बाद न्यायालय सख्त हुआ। कुछ दिन पूर्व ही अपर सत्र न्यायाधीश चंद्र मोहन मिश्रा ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को आदेश जारी किए थे, जिसमें मूर्ति पेश करने को आदेशित किया गया है। 17 अप्रैल तक गायब मूर्ति को न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया गया है।
जिसके बाद से पुलिस विभाग में खलबली मची हुई है। एक दिन पूर्व ही पुलिस ने पूरनपुर थाने के माल खाने को खंगाला था लेकिन मूर्ति नहीं मिल सकी थी। शुक्रवार को अफसरों के निर्देश पर मामले में तत्कालीन हेड मोहर्रिर व अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।