Pilibhit News: हिरासत में हिस्ट्रीशीटर की मौत, पत्नी बोली- पुलिस ने मार डाला; शरीर पर थे चोट के निशान
गांव पहाड़गंज निवासी वशी खां उर्फ पहलवान को बरखेड़ा थाना पुलिस बृहस्पतिवार रात घर से उठा ले गई थी। सुबह उसकी मौत की सूचना परिजनों को मिली, जिससे गुस्साए परिजनों ने मोर्चरी पर हंगामा कर दिया।
विस्तार
पीलीभीत के थाना बरखेड़ा पुलिस की हिरासत में एक हिस्ट्रीशीटर की मौत हो गई। शव पर चोटों के निशान देखकर परिजन ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा किया। पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में युवक को पीट-पीट कर मार डाला गया।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव पहाड़गंज की शबाना उर्फ मीत बेगम ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को साढ़े सात बजे पुलिस की तीन गाड़ियां उसके घर पर आकर रुकीं। आरोप है कि दरवाजा खोलते ही पुलिसकर्मी अंदर घुस गए और वशी खां के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- UP News: त्योहारी सीजन में खर्चे बढ़े, चाइनीज एप से लोन लेकर फंस रहे लोग; आप न करें ये गलती
घर के अन्य लोगों को भी पीटा गया। बाद में पुलिस उसके पति वशी खां उर्फ पहलवान को वारंट की बात कहकर पकड़कर ले गईं। पति को गांव के चौराहे व मुख्य मार्ग पर भी पीटा गया। शबाना जब बरखेड़ा थाने पहुंची तो उसे पति से मिलने नहीं दिया गया।
शरीर पर चोट के निशान
शुक्रवार सुबह उसे पति की मौत की सूचना दी गई। परिवार के लोग जब पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे तो पुलिस ने परिजन को शव नहीं देखने दिया। कई घंटे बाद पोस्टमार्टम के लिए जब शव ले जाया गया तब परिजन ने देखा कि वशी के सिर पर पट्टी बंधी हुई थी और शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे।
यह देखकर परिजन आपा खो बैठे और जमकर हंगामा किया। डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हंगामे को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर एसओजी, सुनगढ़ी, बरखेड़ा, माधोटांडा, महिला पुलिस समेत काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि वशी खां हिस्ट्रीशीटर था, उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। चोरी के मामले में उसे पूछताछ के लिए लाया गया था। इधर, सीओ बीसलपुर सतीश कुमार का कहना है पकड़ने के बाद वशी के सीने में रात में दर्द हुआ। पहले उसे सीएचसी ले गए, फिर पीलीभीत लेकर गए। यहां रात ढाई बजे उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि मारपीट का आरोप बेबुनियाद है। रात में तबीयत खराब होने पर युवक को सीएचसी में दिखाया गया। बाद में जिला अस्पताल लाए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।