Pilibhit News: सिपाही ने प्रेमिका संग मिलकर की किशोरी की हत्या, परिजनों ने लगाया आरोप
जहानाबाद थाने की चौकी पर तैनात रहे सिपाही पर गंभीर आरोप लगा है। एक गांव निवासी महिला का कहना है कि सिपाही ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसकी नाबालिग बेटी की हत्या कर दी है।
विस्तार
प्रेम संबंध में आड़े आने पर पीलीभीत के जहानाबाद थाने की चौकी पर तैनात रहे सिपाही ने प्रेमिका के साथ मिलकर किशोरी की हत्या कर दी। साथ ही परिजनों के आने से पहले ही उसके शव को दफना दिया। सिपाही और उसकी प्रेमिका पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मृतका के परिजन इधर-उधर भटक रहे हैं। घटना करीब 12 दिन पहले की है। पुलिस ने अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि वह और उसके पति नेपाल के ईंट-भट्ठे पर काम करते हैं। उसकी 16 वर्षीय पुत्री दादा-दादी के साथ गांव में रहती है। गांव की दो युवतियां, उसकी पुत्री के मोबाइल से जहानाबाद की चौकी पर तैनात सिपाही से बातचीत किया करती थीं। इन युवतियों के उसी सिपाही के साथ फोटो भी मोबाइल पर आ गए।
किशोरी का टूटा हुआ फोन मिला
आरोप है कि जब सिपाही को इस बात की जानकारी हुई, तो सभी ने साजिश रचकर 13-14 अप्रैल की रात उसकी पुत्री की हत्या कर दी। मामले की जानकारी जाकिरा को हुई तो वह गांव पहुंची। इससे पहले आरोपियों ने उसकी पुत्री के शव को दफना दिया। परिजनों के पहुंचने पर बताया कि पुत्री का टूटा हुआ मोबाइल फोन उन लोग के पास है।
आरोपियों को यह उम्मीद नहीं थी कि किशोरी के माता-पिता टूटा मोबाइल ठीक करा लेंगे, पर उन्होंने मोबाइल ठीक करा लिया। मोबाइल ठीक कराते ही सिपाही के साथ लड़कियों के फोटो और वीडियो सामने आ गए और सारी घटना उनके सामने आ गई।
शिकायत के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
परिजनों का आरोप है कि मामले की शिकायत थाना पुलिस से की गई, पर पुलिस ने पीड़ित पक्ष को ही धमकाना शुरू कर दिया। थाना पुलिस लगातार सिपाही को संरक्षण देती रही। यह भी कहा कि सिपाही का यहां से स्थानांतरण हो चुका है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश शुक्ला का कहना था कि जब किशोरी की मौत हुई, तब ही परिजनों को जानकारी देनी चाहिए थी।
एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच सीओ सदर को सौंपी गई है। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।