Pilibhit News: बाजार में कपड़ा व्यापारी की हत्या, हमलावरों ने सीने में मारी गोली, वारदात से फैली दहशत
पीलीभीत के बिलसंडा में बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। हमलावरों ने कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मौके से भाग गए। घटना से बाजार में दहशत फैल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के बिलसंडा में तीन बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने बृहस्पतिवार की शाम सवा पांच बजे नगर के बमरोली तिराहे पर साइकिल व्यवसायी पंकज कटियार को लड़की से छेड़खानी करने की बात कहते हुए तमंचे की बट से पीटा। धक्का-मुक्की होने पर पंकज खुद को बचाने के लिए दुकान से निकलकर फुटपाथ पर आ गए। इसी दौरान पंकज को बचाने वहां पहुंचे नगर पंचायत चेयरमैन डीके गुप्ता के ममेरे भाई कपड़ा व्यवसायी पप्पू गुप्ता को बदमाशों ने तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद बदमाश धमकी देते हुए भाग गए। गोली सीने में लगने पर व्यवसायी लहुलूहान होकर सड़क पर गिर गए। बाद में बरेली के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
सरेशाम हुई वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई और आसपास की दुकानें बंद हो गईं। इस वारदात से नगर में खलबली मच गई। एसपी सहित अन्य अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत चेयरमैन डीके गुप्ता के ममेरे भाई पप्पू गुप्ता की नगर में बमरोली तिराहे पर कपड़े की दुकान थी। उनके पड़ोस में पंकज कटियार की साइकिल की दुकान है।
हमलावरों ने पीटा, फिर चलाई गोली
पंकज कटियार की करीब ढाई साल पहले शाहजहांपुर के रोजा के गांव मुकरमपुर से शादी हुई थी। पत्नी से विवाद के बाद दोनों अलग रहते हैं। पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पंकज कटियार और उसके परिजनों पर दहेज प्रथा का मामला दर्ज करा दिया। शाहजहांपुर के एक सपा नेता ने भी पंकज को कॉल कर धमकाया था। इधर, बृहस्पतिवार शाम सवा पांच बजे तीन बाइकों से छह बदमाश पंकज की दुकान पर आ धमके और लड़की से छेड़खानी की बात कहते हुए उसे पीटने लगे। तमंचे की बट उनके सिर पर मारी। उन्हें मारने को फायर किया, लेकिन वह नीचे बैठने से बच गए। इस दौरान खुद को बचाने के लिए पंकज फुटपाथ पर आ गए।
व्यवसायी के सीने पर मारी गोली
पड़ोसी कपड़ा व्यवसायी पप्पू गुप्ता ने उसके साथ मारपीट देखी तो वह उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। बीच-बचाव के दौरान बदमाशों ने तमंचे से पप्पू गुप्ता के सीने में गोली मार दी। वारदात की सूचना पर इंस्पेक्टर पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जांच-पड़ताल की। व्यापारियों ने घायल पप्पू को नगर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया। परिजन बरेली में स्टेडियम रोड के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां पप्पू गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। इधर, सीओ विधि भूषण ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित पंकज से घटनाक्रम की जानकारी ली। देर शाम एसपी एसओजी के साथ मौके पर पहुंचे। इधर, पीड़ित पंकज ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हमला करने के लिए बदमाशों को भेजने का आरोप लगाया है।
एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि पंकज कटियार की दुकान पर छह सात लोग आए और विवाद करने लगे। उनसे विवाद के दौरान पप्पू गुप्ता ने एक आरोपी को पकड़ लिया। इस पर दूसरे आरोपी ने तमंचे से गोली मार दी जो कंधे के पीछे लगी। पप्पू की इलाज के दौरान मौत हो गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। घटना के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं है। सभी बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है।