Chuka Beach: 15 नवंबर से सैलानियों से गुलजार होगा चूका, वेबसाइट खुलते ही बुक हो गईं थारू हटें
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू हो रहा है। चूका की सभी थारू हटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। ट्री हट भी बुक हो चुकी है।
विस्तार
पीलीभीत में 15 नवंबर शुरू हो रहे टाइगर रिजर्व के पयर्टन सत्र के लिए वन निगम की वेबसाइट को खोल दिया गया है। वेबसाइट के खुलते ही सैलानियों ने बुकिंग को कराना शुरू कर दिया है। अभी तक चूका की सभी हटें 18, 24, 25 और 27 नवंबर के लिए बुक हो गई हैं। इसमें ट्री हट भी शामिल हैं। इस बार भी वाटर हट की बुकिंग न होने से सैलानियों में मायूसी देखी जा रही है।
15 नवंबर से शुरू होने वाले पर्यटन सत्र को लेकर सैलानियों के लिए हटों की बुकिंग पहली नवंबर से शुरू हो जाती है। इसके लिए वन निगम की साइट भी खुल जाती है। इस बार साइट तय समय पर नहीं खुल सकी थी। इसके चलते सैलानी चूका में ठहरने के लिए हटों की बुकिंग नहीं कर पा रहे थे।
ये भी पढ़ें- UP: लक्ष्मी पूजन के दिन नवजात बिटिया को सड़क किनारे छोड़ गया निर्मोही, किसान ने बचाई जान
जब सत्र आरंभ होने में महज पांच दिन बचे तो साइट भी खोल दी गई है। साइट के खुलते ही लोगों ने एडवांस बुकिंग करानी शुरू कर दी है। इसमें अभी चूका की थारु हटें सभी और ट्री हट की 18, 24, 25 और 27 नवंबर की बुकिंग हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि सत्र आरंभ होने के पहले पखवाड़ा तक सभी हटों की बुकिंग हो जाएगी।
इस बार भी वाटर हट को लेकर हुई मायूसी
चूका पर ही बनी वाटर हट की पिछले सत्र से बुकिंग को बंद कर दिया गया था। इस हट को वन निगम से टाइगर रिजर्व ने अपने अधीन कर लिया था। कारण था कि वीआईपी के आने पर उनको यहां पर ठहराया जाएगा। इस बार उम्मीद थी कि वाटर हट की टाइगर रिजर्व अपने स्तर से बुकिंग शुरू करा देगा, लेकिन ऐसा हो नहीं सका।