{"_id":"f3d19c870e8fd91d931bd98a481ee2cf","slug":"dead-body-found-of-missing-wife-of-home-ministry-officer","type":"story","status":"publish","title_hn":"गृह मंत्रालय के अधिकारी की लापता पत्नी का शव मिला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गृह मंत्रालय के अधिकारी की लापता पत्नी का शव मिला
अमर उजाला, नोएडा
Updated Sat, 02 Nov 2013 01:07 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा में गृह मंत्रालय के अधिकारी की लापता पत्नी का शव शुक्रवार दोपहर में सेक्टर-82 के नाले में पड़ा मिला।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक शव बुरी तरह सड़ चुका था और कई दिन पुराना होने के कारण पानी में फूल चुका था।
सेक्टर-82 केंद्रीय विहार में रहने वाले गृह मंत्रालय के वायरलेस विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर सुखदास की पत्नी रीना (46वर्ष) 28 अक्तूबर को कॉलोनी के बाहर शाम को सब्जी खरीदने के लिए गई थी।
उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने थाना फेज टू में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
30 अक्तूबर को पुलिस ने गुमशुदगी को अपहरण की धाराओं में तब्दील कर नए सिरे से जांच शुरू कर दी थी। शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-82 में बिजली घर के पास नाले में एक महिला का शव पड़ा है।
विज्ञापन
थाना फेज टू पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक महिला का हुलिया देख कर पुलिस ने सुखदास के परिजनों को मौके पर बुलाया।
शव की शिनाख्त परिजनों ने लापता रीना के रूप में की। पुलिस ने शिनाख्त होते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक शव बुरी तरह सड़ चुका था। कई दिन पुराना होने के कारण पानी में फूल चुका था।
विज्ञापन
पुलिस ने बरती लापरवाही
पुलिस ने पहले गुमशुदगी फिर दो दिन बाद अपहरण का मामला दर्ज कर गंभीरता से जांच शुरू करने का दावा किया, लेकिन शव घर से चंद कदम दूर उसी रास्ते के नाले में मिला।
जिससे अक्सर रीना सब्जी खरीदने के लिए मार्केट जाती थी। शुगर की बीमारी का हवाला देकर अस्पतालों व नर्सिंग होम में तलाश करने वाली पुलिस ने सेक्टर में बह रहे नाले में तलाश करने की सुध तक नहीं ली।
जबकि पुलिस को पता था कि वह बीमार रहती थी और चक्कर खाकर बेहोश भी कई बार हो चुकी थी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करने के एक दिन बाद डॉग स्क्वायड को मौके पर भेजा।
जबकि लापता होने के तीन दिन बाद डॉग स्क्वायड को मौके पर भेजने का कोई मतलब नहीं था।
हत्या की आशंका से किया इंकार
रीना के पति सुखदास ने पत्रकारों को बताया कि उनकी या रीना की किसी से रंजिश नहीं थी। पुलिस ने गुमशुदगी के दो दिन बाद अपहरण का मुकदमा दर्ज किया, लेकिन फिरौती के लिए फोन या पत्र नहीं आया।
रीना की हत्या की आशंका से उन्होंने साफ इंकार किया। सुखदास के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई करेंगे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रीना का शव मिलने की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। चीख पुकार से आसपास के लोगों को भी शव मिलने की जानकारी हुई।
वह भाग कर रीना के घर पहुंचे तो कुछ लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। बुलंदशहर के सिंकदराबाद से भी देर शाम रिश्तेदार नोएडा पहुंच गए। पुलिस ने भी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम रात में ही कराया।