शाहपुर। जैन साध्वी ज्योति जी महाराज ने कहा कि युवा देश की रीढ़ होते हैं। युवा ही देश की दिशा और दशा तय करते हैं, किंतु आज का युवा धार्मिक पुस्तकें कम और सोशल मीडिया पर ज्यादा ध्यान देता है। मोहल्ला महाजनान स्थित जैन स्थानक में गुरु सुदर्शन संघ की महासाध्वी ज्योति जी महाराज ने युवाओं से कहा कि युवा नशीले पदार्थ का सेवन न करें। यदि युवा शाकाहारी भोजन के साथ घी और दूध का सेवन करेगा तो वह शारीरिक और मानसिक रूप से बलशाली होगा। महासाध्वी श्री सुगंध जी महाराज ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है, बावजूद इसके हम अंग्रेजी की ओर बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में 10 दिन से आयोजित जैन संस्कार शिविर का समापन कराकर परीक्षा आयोजित कराई गई। इसमें श्रेया जैन ने प्रथम, निष्ठा जैन में द्वितीय और अरिहंत जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की कक्षा में पारस जैन प्रथम, वर्णिका द्वितीय व वंश तृतीय रहा। शिविर में शिक्षिका बरखा जैन का विशेष योगदान रहा। इस दौरान समाज सेवी मनमोहन जैन, पूर्व चेयरपर्सन सुषमा सैनी, समाजसेवी उमेश मित्तल, सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी, चतरसैन सैनी, योगेश मलिक, हरिचरण नामदेव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेंद्र जैन, सतीश जैन, संजीव जैन, बालेश जैन, शील चंद जैन, सुंदरलाल जैन, भूषण लाल जैन, मदन जैन, सुनील जैन, ललित जैन, नवीन जैन व हर्षित जैन आदि का सहयोग रहा ।