देवबंद (सहारनपुर)। भारी बारिश के चलते चंदेना कोली गांव में तालाब का पानी बाहर सड़क पर आने से जलभराव हो गया। इतना ही नहीं तालाब के आसपास बने घरों में बने पशुओं के तबेलों में भी पानी भर गया। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
चंदेना कोली में नूनाबड़ी वाले रास्ते पर तालाब बना है। लेकिन इस बार उसकी खुदाई नहीं होने के कारण थोड़ी बारिश होने पर गंदा पानी सड़कों पर आ जाता है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। सोमवार को भारी बारिश से जब जलभराव हो गया तो आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। चमन, अतरू , अजय व राकेश आदि ने बताया कि पूर्व में भी इस समस्या से प्रशासन को अवगत कराया गया परंतु समस्या का आज तक भी समाधान नहीं हो पाया है। जबकि बारिश से उनके घरों में पानी भर जाता है, जिससे हर बार नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या से शीघ्र समाधान की मांग की है। उधर, देवबंद के शिव चौक पर रहने वाले एक पत्रकार पिंटू शर्मा के घर में बारिश के दौरान बिजली गिर पड़ी। गनीमत रही कि इस उक्त आंगन में कोई नहीं था। जिस कारण नुकसान होने से बच गया। लेकिन बिजली गिरने से घर के लोग खासकर बच्चे बुरी तरह से सहम गए। वहीं, तहसीलदार कमलेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र से बारिश से किसी नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

तालाब के पानी के सड़क पर आने से जलभराव के कारण परेशान ग्रामीण- फोटो : DEVBAND