हर्ष फायरिंग करते युवक का वीडियो वायरल
मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर बुधवार को दोनों हाथों में पिस्टल लेकर हर्ष फायरिंग करते युवक का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें एक युवक दोनों हाथों में पिस्टल लेकर सड़क किनारे एक मकान के बाहर ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग करता नजर आया। यह युवक दोनों हाथों से फायरिंग करते हुए 12 राउंड गोलियां चलाता है। हर्ष फायरिंग की यह वीडियो वायरल होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच के दौरान युवक की पहचान मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी आयुष वर्मा उर्फ पहलवान पुत्र प्रदीप के रूप में हुई, जिसका यह वायरल वीडियो गत वर्ष दीपावली के समय का बताया जा रहा है। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी अभिषेक यादव ने शहर कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने के आदेश दिए, जिस पर पुलिस ने आरोपी आयुष पहलवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि युवक को चिह्नित कर उसकी तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।