खतौली। श्री कुंद कुंद जैन इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तीन-तीन प्रतियोगियों की छह टीमों ने यातायात से संबंधित प्रश्नों का उत्तर दिया, जिसमें सीट बेल्ट टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
श्री कुंद कुंद जैन इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा माह के तहत बृहस्पतिवार को आयोजित यातायात क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज प्रधानाचार्य अनुराग जैन ने किया। प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद तीन-तीन प्रतियोगियों की छह टीमों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। हेलमेट टीम में दीपा जोशी, रीतिका व कोमल शामिल रहे। सीट बेल्ट टीम में निशीका, मुशर्रत व आयुषी शामिल रहे। जेब्रा क्रॉसिंग टीम में गोल्डी, स्वाति व अनीता और ट्रैफिक लाइट टीम में नमन, वरुण व अभिषेक शामिल रहे। टी-प्वाइंट टीम में भानु शर्मा, विक्की व नीतीश और यू-टर्न टीम में हर्ष, राघव तोमर व केतन को शामिल किया गया। प्रतियोगिता में सड़क संकेत, यातायात नियम व सड़क सुरक्षा के संबंध में प्रोजेक्टर स्क्रीन के माध्यम से प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सीट बेल्ट टीम, द्वितीय स्थान हेलमेट टीम और तृतीय स्थान टी-प्वाइंट टीम ने प्राप्त किया। प्रधानाचार्य अनुराग जैन ने सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज प्रवक्ता राजकुमार जैन ने किया।