चोरों ने छह ट्यूबवेलों से हजारों रुपये का सामान उड़ाया
देवबंद(सहारनपुर)। खेड़ा मुगल में चोरों ने बुधवार की रात करीब छह किसानों के ट्यूबवेलों से हजारों रुपये कीमत के बिजली के उपकरण चोरी कर लिए हैं। पीड़ित किसानों ने रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर तहरीर दी है।
बृहस्पतिवार सुबह जब किसान खेड़ा मुगल-ताजपुर मार्ग स्थित अपने खेतों पर पहुंचे तो उन्हें नलकूपों के दरवाजे टूटे हुए मिले। किसान जोनी, नीटू, धर्म सिंह और विनोद आदि ने बताया कि चोरों ने नलकूपों से स्टार्टर, मोटर, तांबे के तार आदि सामान चोरी किया है। उनका कहना है कि पिछले तीन महीने के अंतराल में तीन दर्जन से भी अधिक नलकूपों पर चोरी हो चुकी है। चौकी इंचार्ज धर्मराज सिंह यादव ने बताया तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।