चरथावल। जिला गन्ना अधिकारी डा. आरडी द्विवेदी की मौजूदगी में तितावी मिल के गन्ना प्रबंधक धीरज सिंह ने तौल लिपिकों की मांग मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद तौल लिपिकों की भूख हड़ताल खत्म हो गई। मिल ने कर्मचारियों को लिखित में पत्र सौंपा।
तीन दिन से चरथावल ब्लॉक प्रांगण में चरथावल जोन के 14 तौल लिपिकों का विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन चल रहा था। मिल प्रबंधन की बेरुखी के चलते बुधवार से चार-चार तौल लिपिकों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। गन्ना केंद्रों पर तैनात तौल लिपिकों को नियम से कम वेतन दिए जाने समेत तमाम मांगों को डीसीओ डा. आरडी द्विवेदी ने गंभीरता से लिया। बृहस्पतिवार शाम को डीसीओ मिल के प्रबंधक को लेकर चरथावल धरने पर कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उनकी मांगों के संबंध में मिल महाप्रबंधक द्वारा दिए पत्र की कॉपी डीसीओ ने तौल लिपिकों के सुपुर्द की। डीसीओ ने बताया सभी लिपिक ठेकेदार के अधीन कार्य करते हैं। ठेकेदार को उनका पूरा वेतन समय से भुगतान करने के लिए कहा गया है। लिपिकों को यूएएन भी जारी किया जाएगा। वेतन वृद्धि के संबंध में हेड ऑफिस को अवगत कराया गया है। वहां से एक सप्ताह में कर्मचारियों के पक्ष में निर्णय आ जाएगा। वार्ता के दौरान मिल प्रबंधक गन्ना धीरज सिंह, भाकियू तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा, लिपिक नीरज कुमार, इसरार त्यागी, विशाल त्यागी, अमरीश कुमार, विकास त्यागी, गौरव, धर्मेंद्र, जुल्फिकार, शरीफ और तसलीम मौजूद रहे।