विद्यार्थियों को कराया संसद भवन भ्रमण
बुढ़ाना। कस्बा बुढाना के डीएवी डिग्री कॉलेज के विद्यार्थी एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर संसद भवन देखने दिल्ली पहुंचे। केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने विद्यार्थियों को संसद भवन की आंतरिक कार्यवाही का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन कराया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर प्रदीप कुमार व डॉक्टर संगीता चौधरी ने बताया कि दिल्ली में विद्यार्थियों को संसद भवन भ्रमण के लिए केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान से साथ चलने का निवेदन किया। डॉक्टर संजीव बालियान ने अपने पीए को भेजकर संसद भवन में प्रवेश की अनुमति मंगवाई। इसके बाद वह खुद भी विद्यार्थियों व प्रवक्ताओं के साथ संसद भवन पहुंचे और उन्होंने आंतरिक कार्यवाही का 45 मिनट तक प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन कराया। संसद की कार्यप्रणाली के बारे में समझाया। संसद भवन देखने के बाद विद्यार्थियों ने देश की ऐतिहासिक धरोहर राजपथ, इंड़िया गेट आदि का भ्रमण किया। इस शैक्षिक भ्रमण में कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर प्रदीप कुमार, डॉक्टर संगीता चौधरी, प्रतिभा माहेश्वरी, अमित सरोहा, अनिरुद्ध कुमार, गरिमा शर्मा, प्रतिभा चौधरी व सुशील कुमार आदि शामिल रहे।