मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। आगरा ताज होटल के कुक से लूट करने वाले एक बदमाश को दबोच लिया गया। उसका एक साथी अभी फरार है। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त ई-रिक्शा के साथ ही लूटा सभी सामान बरामद करने का दावा किया है।
मीरापुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आगरा ताज होटल का कुक बिजनौर के गांव कशोर निवासी अमरीश पुत्र छोटे सिंह दस अप्रैल की रात में आगरा से मेरठ पहुंचा। वहां से एक ई-रिक्शा में चालक व एक अन्य के साथ देर रात बिजनौर घर जाने के लिए चला था। मीरापुर में कुतुबपुर नहर पटरी पर ले जाकर चालक व उसके साथी ने अमरीश से दो बैग, दो हजार रुपये, पासपोर्ट, एक मेकअप बॉक्स लूट लिया था। पुलिस ने पीड़ित को घर तक भी छुड़वाया गया था। इस मामले में प्रदीप पुत्र जय प्रकाश निवासी जागृति विहार, थाना मेडिकल, जनपद मेरठ को मवाना रोड बेगमपुल से पकड़ा गया। उसके घर से लूटे दो बैग, नकदी, पासपोर्ट, एक मेकअप बाक्स बरामद कर लिए। घटना में प्रयुक्त ई- रिक्शा को बरामद कर लिया। आरोपी का एक साथी जुनैद पुत्र बिल्लू निवासी गली नंबर 3, करीम नगर थाना नौचंदी मेरठ अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। उधर, बदमाश के पकड़े जाने की सूचना पर पहुंचे पीड़ित अमरीश ने बताया कि 11 अप्रैल को उसकी दो बहनों की शादी थी। इसलिए वह छुट्टी लेकर घर जा रहा था।