रालोद का बकाया भुगतान की मांग को लेकर धरना
मुजफ्फरनगर। किसानों के बकाया गन्ना भुगतान और गन्ने का मूल्य तय करने की मांग को लेकर रालोद कार्यकर्ताओं ने डीसीओ ऑफिस पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने धरना देते हुए नारेबाजी की। डीसीओ कार्यालय के कर्मचारियों को ऑफिस से बाहर निकाल दिया।
रालोद कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाध्यक्ष अजीत राठी के नेतृत्व में जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने गन्ना विभाग के कर्मचारियों को दफ्तर से बाहर निकालकर अपने पास बैठा लिया। प्रदेश महामंत्री सुधीर भारतीय ने कहा कि गन्ने का आधा सीजन जा चुका है। सरकार ने गन्ना मूल्य अभी तक घोषित नहीं किया है। बीते वर्ष का बकाया भी अभी तक नहीं दिया जा सका। किसानों के बकाए का ब्याज सहित भुगतान होना चाहिए। पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने कहा कि सरकार को किसानों की चिंता नहीं है। अभी तक यह तय नहीं है कि इस सत्र का भुगतान किस रेट से होगा। चीनी मिलें पुराने रेट से ही भुगतान कर रही हैं। राज्यपाल के नाम सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह को ज्ञापन दिया गया। पूर्व विधायक राजपाल बालियान, कृष्ण पाल राठी, सत्यवीर वर्मा, विदित मलिक, राजू आढती, शादाब अली, शाहिद, अमित चौधरी, जगपाल सिंह, डॉ वाजिद अली, भूपेंद्र राठी, पंकज राठी, विकास बालियान, ब्रजवीर सिंह, सार्थक लाटियान, अमित चौधरी आदि मौजूद रहे।