बेटियों को भी बेटों के समान अवसर प्रदान करें माता-पिता
देवबंद (सहारनपुर)। भायला पीजी कॉलेज के एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेविकों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान ग्रामीणों से बेटा-बेटी में भेदभाव न करने और बेटी को घर के कामों के साथ-साथ उच्च शिक्षा दिलाने के प्रति जागरूक किया गया।
प्राचार्य डा. बी.एस. यादव ने बताया कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए फंड जारी कर रही है। लेकिन आज भी बेटी के पैदा होने पर खुशी नहीं मनाई जाती है। जब तक बेटा-बेटी का भेद मन से नहीं मिटेगा यह कार्यक्रम सफल नहीं हो पाएगा। कार्यक्रम अधिकारी डा. राजेश कुमार के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने गांव में रैली निकाली, जिसमें छात्रों ने ग्रामीणों को समझाया कि आज के युग में बेटा व बेटी में कोई अंतर नहीं रह गया है। बेटियां घर के कामों के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी अच्छे प्रकार से कर रही हैं। डा. एस.के.एस. कौशब ने बताया कि माता पिता को अपनी बेटियों को बेटा के समान अवसर प्रदान करने चाहिए। जिससे कि उनमें हीन भावना न उत्पन्न हो सके। इसलिए हम सभी को स्त्री शक्ति का सम्मान करना चाहिए। जिस घर में स्त्री का सम्मान होता है उस घर में सदा लक्ष्मी निवास करती है। इस मौके पर कुलदीप सिंह, नेपाल सिंह, खालिद, कोमल, लक्ष्मी, मनीषा, प्राची, प्रीति, सीमा, शालू आदि मौजूद रहे।