देवबंद। ठा. फूलसिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज रणखंडी में 83वीं यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित शिविर में तीसरे दिन एनसीसी कैडेटों को गॉड ऑफ ऑनर, ड्रिल तथा हथियारों के बारे में जानकारी दी गई, साथ ही कैडेटों को फायरिंग का अभ्यास भी कराया गया।
यूनिट कमान अधिकारी कर्नल एस.एन. मान और एनसीसी प्रभारी सुभाषचंद ने कैडेटों को महापुरुषों के जीवन एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। गौरव बालियान ने स्वच्छता अभियान कार्यक्रम से होने वाले लाभों की जानकारी दी। लेफ्टिनेंट कर्नल चंचल सिंह ने कैडेटों को फायरिंग के टिप्स देते हुए कुशलता से फायरिंग तथा सैन्य शस्त्रों में दक्षता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। कैप्टन शिवकुमार कटारिया ने आपदा के समय में क्या करें और क्या न करें के संबंध में जानकारी दी। अजीत कुमार सिंह ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर विचार रखे। शिविर में एनसीसी कैडेट एवं स्टाफ को महिला शिक्षा व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने पर बल दिया, साथ ही नशे के दुष्प्रभाव की भी जानकारी देते हुए इनसे दूर रहने को प्रेरित किया। इस मौके पर सूबेदार मेजर मोहिंद्र सिंह, लोक प्रसाद गुरंग, धनप्रसाद थापा, करमवीर सिंह, सिकंदर पाल सिंह, एसके वर्मा, सतीश कुमार, अमर त्यागी, मनीष त्रिपाठी, रजनीश, कुंदन व खजान सिंह आदि रहे।