Muzaffarngar: एमबीबीएस की छात्रा कृतिका की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, सहपाठी पर हत्या का मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर मुजफ्फरनगर (बेगराजपुर) मेडिकल कॉलेज की छात्रा की मौत हो गई।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के मंसूरपुर में मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा का शव डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर के निकट पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में उसकी गर्दन और शरीर में चोट की बात सामने आई है। परिजनों ने मृतका के सहपाठी पर बहला-फुसला कर ले जाने के बाद हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जनपद औरेया के अजीतमल क्षेत्र के गांधी नगर निवासी राहुल चौहान की बेटी कृतिका (23) मंसूरपुर थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बृहस्पतिवार शाम वह कॉलेज के आसपास अपने सहपाठी के साथ घूमती देखी गई थी। देर रात उसका शव डेडिकेडिट फ्रेट कॉरिडोर रेलवे ट्रैक से करीब 20 फीट नीचे पड़ा मिला।
शुक्रवार को मंसूरपुर थाने पहुंचे छात्रा के पिता राहुल चौहान व अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को उसका सहपाठी शाहपुर के मोहल्ला सैनियान निवासी कुनाल सैनी बहला फुसला कर अपने साथ काॅलेज से बाहर ले गया था। उसने साजिश के चलते शाम को सात व आठ के बजे के बीच उनकी बेटी की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। उनकी बेटी काॅलेज से बाहर कैसे गई, इसमें कालेज प्रशासन, वार्डन व सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही रही है। इतना ही नहीं बार-बार बेटी के मोबाइल पर फोन करने पर मंसूरपुर पुलिस ने देर रात में घटना की सूचना दी।
थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि छात्रा को बहला-फुसला कर भगा ले जाने के बाद हत्या कर शव छिपाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की गर्दन और शरीर पर काफी चोट आई हैं। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। हिरासत में छात्र से पूछताछ की जा रही है।