मुजफ्फरनगर। गन्ना आपूर्ति की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने डीसीओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। जिला गन्ना अधिकारी का घेराव करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सरकुलर रोड स्थित जिला गन्ना अधिकारी के कार्यालय पर पहुंचे। यहां पर रालोद कार्यकर्ताओं ने गन्ना किसानों के उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। रालोद नेताओं ने कहा कि गन्ना विभाग में किसानों का शोषण हो रहा है। मिल मालिकों की मनमर्जी चल रही है। किसानों के बेसिक कोटा का एग्रीमेंट शुगर मिलों के द्वारा किया जाता रहा है, लेकिन इस बार किसानों के बेसिक कोटा का एग्रीमेंट शुगर मिलों ने नहीं किया है। किसानों को गन्ना पर्ची भी नहीं मिल पा रही है। रालोद नेताओं ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के बाद रालोद नेताओं ने डीसीओ आरडी द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। पूर्व मंत्री योगराज सिंह, सुधीर भारतीय, राजेंद्र चेयरमैन, विकास कादियान, हर्ष राठी, हरेंद्र बालियान, विदित मलिक, नौशाद खान, कंवरपाल फौजी, कृष्णपाल राठी, यशपाल नागर, राजपाल, हरेंद्र बालियान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।