किसान महापंचायत : राज्यमंत्री आवास और भाजपा कार्यालय पर कड़ी सुरक्षा
मुजफ्फरनगर। शहर के जीआईसी ग्राउंड में किसान महापंचायत को लेकर ऐहतियातन केंद्रीय व प्रदेश राज्यमंत्री के आवासों के साथ ही भाजपा कार्यालय पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही पुलिस बल तीनों स्थलों पर तैनात कर दिया गया था।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के एटूजेड कॉलोनी स्थित आवास पर रविवार को उनके भाई विवेक बालियान और कुछ समर्थक ही मौजूद रहे। ऐहतियातन एटूजेड कॉलोनी के मुख्य द्वार पर ही पुलिस बल तैनात किया गया था। महापंचायत खत्म होने से कुछ देर पहले ही डॉ. बालियान अपने आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया के साथ ही समर्थकों से भी वार्ता की। उधर, शहर के मोहल्ला गांधीनगर में राज्यमंत्री कौशल विकास कपिलदेव अग्रवाल के आवास पर भी पुलिस का पहरा रहा। यहां आवास के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। राज्यमंत्री रविवार सुबह से अपने आवास में रही मौजूद रहे, जबकि कार्यकर्ताओं महापंचायत के चलते उनके आवास पर नहीं पहुंचे। इसके अलावा, गांधीनगर में ही स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर भी ऐहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि पार्टी कार्यालय पर रविवार दोपहर तक न तो कोई पदाधिकारी पहुंचे और न ही कार्यकर्ता।