सीनियर टेनिस मुकाबले में करण ने मनदीप को हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर। आठवें डॉक्टर सुरेंद्र प्रकाश मेमोरियल आईटीएफ सीनियर टेनिस टूर्नामेंट के पहले दिन शानदार मुकाबले हुए। 35 प्लस आयु वर्ग के पहले मुकाबले में करणदीप सिंह ने मनदीप सिंह को 7-6, 1-6 एवं 10-7 के अंतर से पराजित किया।
प्रकाश चौक स्थित सर्विस क्लब में टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, सीडीओ आलोक यादव और आईएएस विमल दुबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बालियान ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। आयोजक अमित प्रकाश और सचिव विजय कुमार ने बताया कि कोर्ट नंबर दो पर खेले गए 60 प्लस आयु वर्ग के मुकाबले में सुनील मिनोचा ने एकतरफा मुकाबले में अरविंद भसीन को पहले दो सेटों में 6-2, 6-2 के अंतर से पराजित किया। कोर्ट नंबर तीन पर 45 प्लस आयु वर्ग में कमरुद्दीन खान ने शानदान खेल दिखाते हुए अनंत गुप्ता को 6-1, 6-2 से हरा दिया।
कोर्ट संख्या-4 पर खेले गए 55 प्लस आयु वर्ग के मुकाबले में अरुण आत्रेय ने डॉ. हेमंत कुमार को 6-4, 6-4 से हराया। कोर्ट संख्या एक पर 55 प्लस आयु वर्ग के मुकाबले में यशपाल अरोरा ने देवेंद्र सिंह रावत को 6-3, 6-3 से मात दी। कोर्ट संख्या-दो पर 35 प्लस आयु वर्ग में पंकज सैनी ने संदीप कुमार को 6-2, 6-3 और कोर्ट संख्या तीन पर 60 प्लस आयु वर्ग में टीएस गंभीर ने नरेश राजोरा को 7-6 और 6-0 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। डॉक्टर देवेंद्र मलिक, डॉ. मनोज काबरा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. हेमंत कुमार, आशु अरोरा, आयुष मित्तल, डॉ. अनिल सिंह, उद्योगपति अंकुर बिंदल, मयंक बिंदल, निशांक मित्तल, सतीश सिंगला, नवनीत भारद्वाज, संदीप दास, विष्णु स्वरूप और भुवनेश गुप्ता मौजूद रहे।
उद्घाटन करने बुलेट पर पहुंचे बालियान
केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट का उद्घाटन करने के लिए बुलेट पर पहुंचे। आयोजक अमित प्रकाश और सचिव विजय वर्मा ने उनका अभिनंदन किया। बालियान ने कोर्ट संख्या दो पर टेनिस में हाथ आजमाकर खेलों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि टेनिस टूर्नामेंट ने जिले को पहचान दिलाने का काम किया है। युवा प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे। सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर शुरू हुई प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ,़ राजस्थान, उत्तर प्रदेश, असम और मणिपुर समेत करीब 15 राज्यों के खिलाड़ियों ने एंट्री कराई है।
इस तरह खेली जा रही प्रतियोगिता
आयोजन सचिव विजय वर्मा ने बताया कि आईटीएफ प्रतियोगिता में 35, 40, 45, 50, 55 और 60 प्लस आयु वर्ग में खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। सिंगल, डबल, महिला और मिश्रित वर्ग में मुकाबले होंगे। विजेताओं को करीब डेढ लाख रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी, इसके अलावा ट्रॉफी और अन्य पुरस्कार है।
इनसेट
खेल को जरूर बनाएं जिंदगी का हिस्सा : विमल
प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे आईटीपीओ दिल्ली के महाप्रबंधक आईएएस विमल दुबे ने कहा कि खेल को दिनचर्या और जिंदगी का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए। खेल जिंदगी बनाते हैं। खिलाड़ी के तौर पर प्रतियोगिता में शामिल होने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। युवा खुद को खेलों से जोड़कर रखें।
खेल सिखाते हैं जीने की कला : अमिताभ
अलीगढ़ के एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी भी प्रतियोगिता में खेलने पहुंचे। उन्होंने कहा खेल जीने की कला सिखाते हैं। शरीर स्वस्थ रहता है। कोरोना संक्रमण काल में लोगों ने स्वस्थ शरीर का महत्व देखा। स्वस्थ शरीर को आसानी से पाने के लिए खेलों में हिस्सेदारी जरूरी है। इसलिए वह मुजफ्फरनगर में पोस्टिंग के दौरान ही टेनिस से जुड़ गए थे। यहां आकर हमेशा अच्छा लगता है।
खेल बनाते हैं सच्चा इंसान : नाजनीन
असम के गुवाहटी से टूर्नामेंट खेलने पहुंचीं नाजनीन रहमान का कहना है कि खेल सच्चा इंसान बनाते हैं। स्कूल के दिनों में वह 100 मीटर फर्राटा दौड़ और बास्केट बॉल में राज्य स्तर की खिलाड़ी रही हैं। 35 की उम्र के बाद भी खेल नहीं छोड़े और इसके बाद लॉन टेनिस से जुड़ र्गइं। पिछले साल सीनियर वर्ग के 35 प्लस आयु वर्ग में उन्हें 200वीं रैंक मिली थी।
यह भी जान लीजिए
- छह अप्रैल तक खेला जाएगा आठवां टेनिस टूर्नामेंट
- कोरोना के कारण विदेशी खिलाड़ियों ने एंट्री वापस ली
- चार कोर्ट पर एक साथ खेली जा रही प्रतियोगिता
- नॉक आउट आधार पर खेले जा रहे मुकाबले
- पहली बार मिश्रित स्पर्धा के मैच भी खेले जाएंगे

अलीगढ़ एआरटीओ अमिताभ अपने साथी खिलाड़ी के साथ- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सर्विस क्लब में कार्यक्रम में पहुचने के लिए बाइक से आते केद्रीय मंत्री संजीव बालियान।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सर्विस क्लब में टेनिस टूर्नामेंट के शुभारंभ पर शॉट लगाते मंत्री डॉ संजीव बालियान।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सर्विस क्लब में आयोजित टेनिस टूर्नामेंट के शॉट लगाते खिलाडी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सर्विस क्लब में टेनिस टूर्नामेंट के शुभारंभ करते केद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सर्विस क्लब में आयोजित टेनिस टूर्नामेंट में खिलाडीयों से परिचय करते केद्रीय मंत्री संजीव बालिय?- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सर्विस क्लब में आयोजित टेनिस टूर्नामेंट में मौजूद प्रतिभागी खिलाडी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सर्विस क्लब में आयोजित टेनिस टूर्नामेंट के शॉट लगाते खिलाडी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR