फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Muzaffarnagar News ›   ITF Women's Tennis Tournament: Indonesia's Aldila did great performance

आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट : इंडोनेशिया की अल्दिला ने किया शानदार प्रदर्शन

Tue, 13 Nov 2018 12:52 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर Updated Tue, 13 Nov 2018 12:52 AM IST
विज्ञापन
ITF Women's Tennis Tournament: Indonesia's Aldila did great performance
टूर्नामेंट में टेनिस खेलतीं खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट में मुख्य ड्रा के पहले राउंड में विदेशी खिलाड़ियों का दबदबा रहा। इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी, जापान की हिरोको क्वाटा और चेक गणराज्य की अन्ना सिस्कोवा ने अपने मैच आसानी से जीते। भारत की जील देसाई ने कड़े मुकाबले में जापान की मिचिका उजेकी को पराजित किया। जर्मनी की एस.सेकुलिक को भारत की नताशा पलाह को हराने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।  
विज्ञापन


सोमवार को सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर शुरू हुए भावना स्वरूप मेमोरियल आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट के पहले राउंड के मैच निर्धारित समय से आधे घंटे विलंब सुबह 11.30 बजे से शुरू हो पाए। सुबह के समय घना कोहरा रहा, मगर जैसे-जैसे धूप बढ़ी मौसम में गर्मी का अहसास हुआ। टूर्नामेंट की पहली रैंक की खिलाड़ी जापान की हिरोको क्वाटा और इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी ने हरी घास पर अपना दमखम दिखाया।
विज्ञापन


कोर्ट एक पर पहला मैच खेला गया, जिसमें अल्दिला ने भारत की हुमेरा बेगम शाईक को केवल 40 मिनट में 6-0, 6-0 से एकतरफा मुकाबले में हरा दिया। कोर्ट दो पर भारत की सौजन्या बवीशेट्टी ने हमवतन स्नेहल मैने पर 6-2, 6-0 के अंतर से शानदार जीत पाई। कोर्ट तीन पर जर्मनी की एस. सेकुलिक को भारत की नताशा पलाहा को हराने में पसीने छूट गए। पहला सेट 6-2 से जीतने के बाद दूसरे सेट में पलाहा ने टाई ब्रेक कर लिया। एक घंटा 22 मिनट तक चले मैच में बाजी सेकुलिक के हाथ लगी। उन्होंने सर्विस ब्रेक कर 7-6 से दूसरा सेट भी जीत लिया।  
विज्ञापन
विज्ञापन


दूसरे सत्र में कोर्ट एक पर जापान की हिरोको क्वाटा ने सिर्फ 57 मिनट में उज्बेकिस्तान की अल्बिन खबीबुलीन को 6-2 और 6-1 के भारी अंतर से शिकस्त दी। क्वाटा की उम्दा सर्विस और कोर्ट पर फुर्ती के आगे अल्बिन बेबस नजर आई। वर्ल्ड टेनिस में 278 रैंक पर जमी क्वाटा ने टूर्नामेंट में बड़े उलटफेर के संकेत दे दिए हैं। अल्बिना अपनी हाईट का भी फायदा मैच में नहीं उठा पाईं। कोर्ट दो पर स्लोवाकिया की विक्टोरिया मोरवायोवा और कजाकिस्तान की कसेनिया पालकिना के बीच कांटे का संघर्ष रहा।

एक घंटा 22 मिनट तक चले मैच में विक्टोरिया ने 6-4, 6-4 से पालकिना पर जीत हासिल की। कोर्ट तीन पर भारत की जील देसाई ने जापान की मिचिका उजेकी को कड़े मुकाबले में पराजित किया। दिलचस्प मैच में हार-जीत का फैसला टाई ब्रेक से हुआ। टूर्नामेंट में जील भारत की सबसे अच्छी रैंक की खिलाड़ी हैं। उन्होंने पहला सेट 6-3 से जीता, जबकि दूसरा सेट 7-6 से जीतकर मैच अपने हिस्से में किया। तीसरे सत्र में कोर्ट एक पर केवल 43 मिनट में चेक गणराज्य की अन्ना सिस्कोवा ने साई देदीप्या को 6-2, 6-0 से हराया। अन्ना का यह मैच भारत की रमैया नटराजन से होना था, लेकिन चोट के कारण रमैया ने नाम वापस ले लिया। विदेशी खिलाड़ियों ने ग्रास कोर्ट पर अपनी महारथ साबित की। 

डबल्स मुकाबले में हारी क्लाफनेर और कैनल की जोड़ी  
आईटीएफ टेनिस महिला टूर्नामेंट में सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर मुख्य ड्रा के पहले दिन तीन डबल्स मैच भी खेले गए। आस्ट्रिया की मैलेनी क्लाफनेर और स्विटजरलैंड की कैरिन कैनल की हार चौंकाने वाली रही। वर्ष 2013 में क्लाफनेर यहां आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट की सिंगल विजेता रह चुकी हैं। चीन की दन नी वांग और इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी ने उम्दा प्रदर्शन कर मैच जीता।  

डबल्स मुकाबलों में सबसे दिलचस्प मैच कोर्ट एक पर ढाई बजे खेला गया। आस्ट्रिया की मैलेनी क्लाफनेर विश्व में 553वीं रैंक पर हैं, जबकि उनकी जोड़ीदार स्विटजरलैंड की कैरिन कैनल की 611वीं रैंक है। मैच में उन्हें मजबूत जोड़ी माना गया था। दर्शकों को भी उन्हीं के जीतने की उम्मीदें थी। सर्विस और शानदार रिटर्न के दम पर चीन की दन नी वांग और इंडोनेशिया की अल्दिला नेे एक घंटा 22 मिनट तक चले मैच में 6-4, 7-5 से क्लाफनेर और कैरिन की जोड़ी पराजित कर दिया। 

इससे पूर्व, डबल्स के पहले मैच में सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक और स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा ने भारत की प्रेरणा भांबरी और ऋषिका सुनकारा को 6-2, 6-4 से हराकर शानदार जीत पाई। यह मैच केवल 54 मिनट ही चल पाया। कोर्ट तीन पर रशिया की अन्ना मखोरकीना और भारत की नताशा पलाहा ने भी आसानी से अपना मैच जीत लिया। इस जोड़ी ने भारत की अविका सगवाल और आयुषी तंवर को 6-1, 6-0 से हराया। 

वाइल्ड कार्ड से एंट्री के बावजूद मिली हार
मुजफ्फरनगर। आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड से एंट्री लेकर आई भारत की चार खिलाड़ी मुख्य ड्रा के पहले राउंड में ही हार गईं, जबकि एक खिलाड़ी ने मैच से ऐन वक्त पर नाम वापस ले लिया। वाइल्ड कार्ड से डबल्स में शामिल हुई भारत की प्रेरणा भांबरी और उनकी जोड़ीदार ऋषिका सुनकारा भी विदेशी खिलाड़ियों के आगे अपना मैच नहीं जीत सकीं।  

आईटीएफ की 32 की सूची में चार भारतीय खिलाड़ियों स्नेहल मैने, रमैया नटराजन, हुमरा बेगम और प्रेरणा भांबरी को वाइल्ड कार्ड से एंट्री दी गई थी। मुख्य ड्रा के पहले राउंड में हुमेरा बेगम इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी के आगे आसानी से हार गईं। स्नेहल मैने को भारत की ही सौजन्या बवीशेट्टी ने पराजित कर दिया। रमैया नटराजन का मैच चेक गणराज्य की अन्ना सिस्कोवा से कोर्ट संख्या तीन पर होना था।


ऐन वक्त पर चोट के कारण रमैया ने नाम वापस ले लिया। उनकी जगह क्वालीफाइंग राउंड में खेली साई देदीप्या को खेलने का मौका मिला। हालांकि सिस्कोवा ने साई को आसानी से हरा दिया। डबल्स मुकाबले में भारत की प्रेरणा भांबरी और ऋषिका सुनकारा को वाइल्ड कार्ड मिला था। सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक और उनकी जोड़ीदार स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा ने भारत की इस जोड़ी को 54 मिनट तक चले डबल्स मैच में पराजित कर दिया। वाइल्ड कार्ड से एंट्री का यह भारतीय खिलाड़ी फायदा नहीं उठा पाई। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed