जलभराव की समस्या से निजात दिलाएं
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। अस्तित्व सामाजिक संस्था के बैनरतले पलड़ा गांव की महिलाओं व ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से गांव की गली में होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान की मांग की।
अस्तित्व सामाजिक संस्था के बैनरतले पलड़ा के ग्रामीणों ने तहसील में उपजिलाधिकारी से मुलाकात की। ग्रामीणों ने एसडीएम को अवगत कराया कि गांव में अनुसूचित जाति की बस्ती है। बस्ती में रविदास मंदिर से लेकर रोहिताश के मकान तक गली में पानी भरा रहता है। जलनिकासी न होने के कारण गांव वालों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। गांव की गली में होने वाले जलभराव के कारण गांव में बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध व कई बार खंड विकास अधिकारी को भी सूचित कर चुके हैं। उनकी बात कहीं नहीं सुनी जा रही है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग की। उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर ग्रामीण संतुष्ट हो गए। इस मौके पर संस्था की कविता, गीता, राहुल, अंजली, चंद्रकला, चिंता, उषा, रेखा, बिमला व ग्रामीण अमित, दीपक, सतीश, निसार, राजपाल आदि मौजूद रहे।