लैब टेक्नीशियन के संक्रमित मिलने पर सीएचसी सील
मुजफ्फरनगर, तितावी। बघरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात लैब टेक्नीशियन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद शनिवार को सीएचसी की ओपीडी सील कर दिया गया। 41 सदस्यों को क्वारंटीन किया गया है।
लैब टेक्नीशियन सीएचसी में रह रहा था और यहां मौजूद स्टाफ के अलावा वह यहां आने जाने वाले काफी लोगों के भी संपर्क में आया। उसकी कोरोना जांच की गई जिसमें वह संक्रमित पाया गया। शनिवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. अजय ने बताया कि सीएचसी सील कर दिया गया है। इस दौरान उसके संपर्क में आने वाले 41 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। शनिवार को सीएचसी को सैनिटाइज किया गया है। सील करने के दौरान तितावी थाना प्रभारी कपिल देव, डॉ. वीएन शुक्ला आदि रहे। उधर, बघरा प्रधान सतपाल सैनी द्वारा शनिवार को बघरा ब्लॉक, बाजार, बस अड्डा, मांडी रोड, होली चौक, शिव चौक, जामा मस्जिद रोड सहित मुख्य मार्गों को सैनिटाइज कराया है।