नौ बजते ही सिमटने लगा कारोबार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते जनपद में लागू की गई रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक के रात के कर्फ्यू की व्यवस्था शनिवार रात से लागू हो गई। व्यापारियों ने कोरोना के खिलाफ जंग में अपना सहयोग देते हुए रात 8.30 बजे से ही दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं और नौ बजे तक शहर के सभी प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसर गया। नई मंडी क्षेत्र में तो 8.50 बजे ही मार्केट सुनसान हो गए। शहर में केवल कुछ मेडिकल स्टोर ही खुले रहे या फिर कई स्थानों पर ठेली विक्रेता 9.15 बजे तक भी मौजूद रहे। 9.30 बजे तक पूरे शहर में सन्नाटा पसर चुका था, लेकिन सड़कों पर कुछ लोगों की आवाजाही जारी रही। इस पर पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाकर इक्का-दुक्का लोगों व वाहनों की आवाजाही को भी पूरी तरह बंद कर दिया। हालांकि दिल्ली-दून हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बदस्तूर जारी रही।
8.50 बजे : नई मंडी का बिंदल मार्केट और गोशाला रोड
नई मंडी क्षेत्र में रात दस बजे तक गुलजार रहने वाले सभी मुख्य बाजार निर्धारित समय से पहले ही बंद कर दिए गए। रात 8.50 बजे ही गुलजार रहने वाले इस क्षेत्र की सभी मुख्य मार्केट पूरी तरह बंद हो चुकी थी। लोगों की आवाजाही जारी थी, जो 9.15 बजे तक पूरी तरह से थम गई। हालांकि, अलमासपुर चौक पर रात नौ बजे तक भी दुकानें पूरी तरह से खुली रहीं।
9.00 बजे: आर्यसमाज रोड, प्रकाश चौक और रोडवेज बस स्टैंड
शहर के आर्यसमाज रोड के साथ ही कोर्ट रोड, प्रकाश चौक और रोडवेज बस स्टेंड का पूरा बाजार बंद हो चुका था। रोडवेज स्टेंड पर इक्का-दुक्का ठेली विक्रेता व होटल खुले मिले, जिन्हें पुलिस ने बंद करा दिया।
9.05 बजे : सदर बाजार और टाउन हाल रोड
शहर के सदर बाजार व टाउन हाल रोड पर बाजार बंद हो चुका था। सोल्जर बोर्ड व होली एंजिल्स कान्वेंट स्कूल के सामने अंडे की ठेली लगाने वाले इस समय तक भी खड़े रहे, जिन पर लोग भी जमे हुए थे। टाउन हाल के बाहर स्थित चौपाटी बाजार में भी कुछ ठेली विक्रेता हठधर्मिता दिखाते हुए 9.15 बजे तक खड़े रहे। वहीं, सदर बाजार रात नौ बजे ही पूरी तरह से बंद हो चुका था, जहां 9.05 बजे सन्नाटा पसरा हुआ था। केवल मेडिकल स्टोर व नर्सिंग होम ही खुले नजर आए।
रात 9.10 बजे: मीनाक्षी चौक और शिवचौक
शहर के अति व्यस्त और रात 11 बजे तक गुलजार रहने वाला मीनाक्षी चौक के सभी होटल बंद हो चुके थे। एक जूस की दुकान खुली मिली, जिसे इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने हड़काते हुए बंद करा दिया। वहीं, शिवचौक व आसपास के बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा पसर चुका था। राहगीरों व इक्का-दुक्का वाहनों की आवाजाही जारी थी, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा दी। रात 9.18 बजे एडीएम प्रशासन अमित सिंह भी शिवचौक पहुंच गए और इस समय पहुंचने वाले सभी राहगीरों को आगे के लिए कड़ी हिदायत दी।
- रात 9.30 बजे : पूरे शहर में सन्नाटा पसर चुका था। मुख्य चौराहों शिवचौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक, अलमासपुर चौक, विश्वकर्मा चौक, प्रकाश चौक, देवी अहिल्याबाई चौक, सुजड़ू चुंगी पर बैरिकेडिंग लगा दी गई। सभी थाना प्रभारी टीम के साथ गश्त पर निकल गए। हर चौराहे पर पहुंचने वाले इक्का-दुक्का व्यक्ति से पूछताछ के बाद ही उसे आगे बढ़ने दिया गया।
रात 9.15 बजे तक खुले रहीं मधुशालाएं
नाइट कर्फ्यू के पहले दिन शहर क्षेत्र में मदिरा की दुकानें रात 9.15 बजे तक खुली रहीं। रात नौ बजे जानसठ पुल के नीचे बीयर शॉप खुली रही। सदर बाजार में स्थित मदिरा की दोनों दुकानें व केंटीन रात 9.10 बजे तक पूरी तरह खुली हुई थी। वहीं, रोडवेज बस स्टेंड के पास प्रकाश चौक पर स्थित मदिरा की दुकान भी 9.12 बजे तक खुली रही और वहां धड़ल्ले से शराब की बिक्री होती रही। महावीर चौक स्थित बीयर शॉप व शराब की दुकान भी रात 9.15 बजे तक खुली रही।

रात 9.30 बजे, शिव चौक पर कार चालक को वापस भेजते पुलिस कर्मी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रात 9.15 बजे, शहर में महावीर चौक के पास खुली शराब की दुकान।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रात 9.30 बजे, शहर के प्रकाश चौक पर चैकिंग करते सिविल लाइन इंस्पेक्टर उम्मेद यादव।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रात 9.12 बजे, प्रकाश चौक पर खुली शराब और बीयर की दुकान।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रात 9.05 बजे, सुनसान पड़ा सदर बाजार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रात 8 .50 बजे, अलमासपुर चौक का खुला बाजार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रात 8.55 बजे, नई मंडी गोशाला रोड पर पसरा सन्नाटा।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रात 9.10 बजे, शहर सोल्जर्स बोर्ड के सामने रही आवाजाही।- फोटो : MUZAFFARNAGAR