मोरना। शुकतीर्थ स्थित क्षेत्रीय गुर्जर धर्मशाला में आयोजित सम्मान समारोह में बिजनौर लोकसभा सीट से बसपा सांसद मलूक नागर ने कहा कि आरएसएस लोगों के दिमाग में जहर घोलने का काम करता है, इससे आप लोगों को बचना होगा। दिल्ली में मुगल शासन काल से पहले रविदास के मंदिर को भाजपा सरकार की तानाशाही नीति के चलते तोड़कर दलित समाज की भावना को ठेस पहुंचाई है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है। हम सेकुलर व्यवस्था में विश्वास रखतेे हैं, तो मुस्लिम समाज से दूरी क्यों। गंगा खादर में आई बाढ़ से किसानों की फसल नष्ट होने के कगार पर है, वहीं जंगली जानवर और गोवंश फसलों का भारी नुकसान कर रहे हैं। शुकतीर्थ नगरी के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यूनिवर्सिटी बनवाने के लिए उच्च स्तरीय प्रयास होगा। उन्होंने मेट्रो ट्रेन को जिला बिजनौर क्षेत्र में शीघ्र ही परियोजना लाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए पांचों विधानसभा सीट पर एक-एक प्रतिनिधि सहित सरकारी कर्मचारी के साथ जनता की भलाई के लिए कार्य करेंगे। गुर्जर समाज की ताकत को देखते हुए प्रदेश सरकार ने अशोक कटारिया को मंत्री पद से नवाजा है। मीरापुर विधायक अवतार भड़ाना ने सरकार में समाज को सम्मान नहीं दिए जाने पर भाजपा से त्याग किया, यह गुर्जर समाज के लिए फख्र की बात है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व आईएएस रामशरण सिंह ने गुर्जर समाज को संगठित करने आह्वान किया। संचालन अभिषेक चौधरी, महकार सिंह ने किया। कार्यक्रम में रमा नागर, रामपाल सिंह, संतोष, सतपाल कटारिया, संजय रवि, विनोद कोहली, सतीश कुमार विधान सभा प्रभारी, ऋषिपाल तोमर, अमली खां, प्रधान तेजपाल, राजपाल, प्रधान मदनपाल, संसार सिंह डायरेक्टर, चेयरमैन मुमताज अली, बिन्नू राठी रालोद, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेंद्र आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में डा. राजेंद्र सिंह, सतेेंद्र आर्य, ऋषिपाल सिंह आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।