तहसील का विरोध न करें बुढ़ाना के वकील: नरेश टिकैत
सिसौली (मुजफ्फरनगर)। कसबा सिसौली को तहसील बनाने की घोषणा को लेकर वाल्मीकि पुल पर एक पंचायत का आयोजन किया गया। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि कस्बे को तहसील बनाने की घोषणा जब से हुई है, बुढ़ाना तहसील में निरंतर विरोध चल रहा है, यह अच्छा नहीं है।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि जब से भारतीय किसान यूनियन बनी है, सिसौली ने अतिथि देवो भव का पालन किया है। सभी को आदर सम्मान दिया है, वकीलों से जानना चाहेंगे कि हमारा विरोध क्यों किया जा रहा है। सिसौली में ना ही कोई रोजगार की सुविधा है ना यातायात की सुविधा है, ना मेडिकल सुविधा है और न ही शिक्षा की सुविधा है, तहसील की जब से घोषणा हुई है लोगों में खुशी है। युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और कस्बे का विकास होगा। उन्होंने कहा कि विरोध का कारण पूछेंगे और सभी का सम्मान रखते हुए इस तहसील को बनाएंगे। जल्दी ही एक बड़ी पंचायत की घोषणा होगी, जो सभी क्षेत्रवासी मिलकर करेंगे। पंचायत में अध्यक्षता ओमप्रकाश ने की। योगेश बालियान, प्रदीप बालियान, चांद वीर, रेसपाल, अंकुर, बृजेश, बिट्टू लोधी, सोमपाल, राजकुमार, सुदेश जागर, विशाल बालियान आदि मौजूद रहे।