मुजफ्फरनगर, मोरना। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ के हनुमतधाम सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्कूल के कक्षा पांच के छात्र अर्पण राणा ने विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान पश्चिम उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आयोजित सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में चौथा स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने बताया कि बीते 26 व 27 मार्च 2022 को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान पश्चिम उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आयोजित सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में 16 जनपदों के 155 विद्यालय के छात्रों ने भाग लिया। जिसमें कक्षा पंचम के छात्र अर्पण राणा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इस परीक्षा में प्रथम सात स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को विद्या भारती तीन वर्ष तक स्कॉलरशिप प्रदान करती है। शिक्षकों ने छात्र को पुरस्कृत कर मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया। छात्र की माता रूबी देवी ने अत्यधिक खुशी व्यक्त की। विद्यालय के प्रबंधक अरुण खंडेलवाल व अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी केशवानंद सरस्वती ने भी छात्र को बधाई दी। इस अवसर पर आचार्य ऋषिपाल, दीपा चौधरी राजेंद्र, मोनिका मौजूद रहे।