जिले में 25 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र जारी किए
मुजफ्फरनगर। प्रदेश में 69000 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद में तृतीय चरण के सफल 25 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
जिला पंचायत के चौधरी चरण सिंह सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें चयनित सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के लखनऊ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी हुुआ। राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने नियुक्ति पत्र जारी करने के साथ ही शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बीएसए मायाराम ने बताया कि जनपद में 69000 भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 260 पद आवंटित किए गए थे, जिसके सापेक्ष प्रथम चरण में 224, द्वितीय चरण में चार तथा तृतीय चरण में 25 कुल 253 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत सामान्य जाति के 47, अन्य पिछड़ा वर्ग के 145, अनुसूचित जाति के 61 अभ्यर्थी लाभान्वित हुए हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीडीओ आलोक यादव, एडीएम अमित सिंह, डायट की प्राचार्या सुमन सिंह मौजूद रहे।