मुजफ्फरनगर। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं पूर्व सांसद सईदुज्जमा ने कहा कि देश में गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई से ध्यान हटाने को नफरत का माहौल पैदा किया जा रहा है। भाजपा अपने प्रवक्ताओं पर दस दिन पहले ही कार्रवाई कर देती तो पूरी दुनिया में अपमानित न होना पड़ता।
शहीद चौक स्थित अपने आवास पर सईदुज्जमा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में सांप्रदायिक माहौल बनाया जा रहा है। जिम्मेदार नागरिकों को अमन और शांति के लिए काम करना है। हमारे जिले में भाईचारा कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि दस दिन पहले ही भाजपा अपने प्रवक्ताओं पर कार्रवाई कर देती तो हमारी सरकार को पूरी दुनिया में अपमानित नहीं होना पड़ता। मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी कर माहौल को गर्माने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि हम सत्ता पक्ष से मांग करते हैं कि प्रजातंत्र और संविधान की गरिमा रखते हुए देश के 135 करोड़ नागरिकों को सांप्रदायिक भेदभाव भुलाकर विकास और प्रगति की ओर लेकर चलें। देश-प्रदेश और जिले में खुशहाली का माहौल कायम करें। नफरत सिर्फ नफरत को जन्म देती है। प्यार और भाईचारे का रास्ता ही भारत को प्रगति की दिशा में ले जा सकता है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश त्यागी, तारीक कुरैशी, मदन मोहन शर्मा, भगवत सिंह, अनमोल जैन मौजूद रहे।