हादसे में युवक की मौत पर बरपा हंगामा
तितावी। बघरा बस स्टैंड पर ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। इस हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक आश्रितों को प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की।
थाना क्षेत्र के गांव अमीरनगर निवासी इनाम (40) मंगलवार दोपहर पत्नी फिरदौस के साथ मोपेड से किसी काम से मुजफ्फरनगर जा रहा था। बघरा बस स्टैंड पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार रोड़ी लदे ट्रक ने उसकी मोपेड में टक्कर मार दी। दंपती सड़क पर गिर गया, जिसके बाद इनाम ट्रक के पहिये में फंसकर बुरी तरह से कुचल गया। हादसे में इनाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी फिरदौस सड़क के दूसरी ओर गिरने से कैटर की चपेट में आने से बच गई। घटना के बाद ट्रक छोड़कर भाग रहे आरोपी चालक को लोगों ने पीछा कर पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे एसओ राजेंद्र वशिष्ठ ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। मृतक इनाम के भाई इकराम ने ट्रक चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।