Weather Update: मुरादाबाद में पांचवीं तक के स्कूलों में दो दिन की छुट्टी, कोहरे ने रोकी रोडवेज व रेल की रफ्तार
मुरादाबाद मंडल में दो दिन से लगातार घना कोहरा छाने लगा है। इसका असर यातायात और जनजीवन पर पड़ने लगा है। ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार और शनिवार को स्कूलों की छुट्टी कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद में ठंड का प्रकोप देखते हुए डीएम मानवेंद्र सिंह ने जिले में पांचवीं तक के स्कूलों में 29 और 30 दिसंबर की छुट्टी घोषित कर दी है। इससे ऊपर की कक्षा वाले स्कूलों में भी पांचवीं तक की कक्षाएं नहीं लगेंगी। डीएम ने बताया कि यह निर्देश हर बोर्ड के सभी निजी स्कूलों पर भी लागू रहेगा। कोहरे का असर रेल और यातायात पर भी पड़ा है।
सर्दी के इस सीजन में बृहस्पतिवार का दिन सबसे ठंडा रहा। पिछले 24 घंटे में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अब तक का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 20 दिसंबर को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि शुक्रवार सुबह में कोहरा छाने का अनुमान है। दिसंबर माह के आखिरी दिनों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह को घना कोहरा छाया हुआ था। हवा भी बर्फीली थी। दस बजे तक भी ऐसी ही स्थिति थी। इसकी वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
चालक अपने वाहनों में लाइट जलाकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। मफलर और ग्लव्स पहनने के बाद भी गलन परेशान कर रही थी। दिनभर ठिठुरन की स्थिति बनी रही। शाम को भी लोग जल्दी घरों को लौटने की कोशिश में दिखाई दिए। पार्कों में भी शाम को सन्नाटा पसर गया। जगह-जगह अलाव जलाकर लोगों ने ठंड से राहत पाने का प्रयास किया।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
सुबह वातावरण में नमी 95 फीसदी रही और शाम को नमी 85 फीसदी दर्ज की गई। हवा पश्चिम दिशा से पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि रात को हल्के बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि शुक्रवार को मौसम साफ है और घना कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहेगा।
वर्ष 2019 के बाद सबसे ठंडा 28 दिसंबर
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2023 18 10.2
2022 23 8
2021 20 7
2020 20 7
2019 8.7 3.8
आने वाले दिनों में मौसम का पूर्वानुमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
29 दिसंबर 22 10
30 दिसंबर 21 10
31 दिसंबर 21 10
01 जनवरी 22 09
02 जनवरी 23 09