हाईटेक हुई यूपी पुलिस, अब हर रिकॉर्ड होगा कंप्यूटर पर दर्ज
छह माह का विशेष प्रशिक्षण लेकर शुक्रवार को 264 कंप्यूटर आपरेटर दीक्षांत परेड के बाद यूपी पुलिस का हिस्सा बन गए। इनमें 86 महिला कंप्यूटर आपरेटर भी हैं। इन्हें यूपी के अलग अलग जनपदों में तैनाती दी गई है। पुलिस विभाग में सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) लागू होने के बाद से कंप्यूटर आपरेटरों की कमी चल रही थी। जिसकी वजह से रिकार्ड तैयार करने में देरी होती थी। अब यूपी की हाईटेक पुलिस हर रिकार्ड कंप्यूटर पर दर्ज करेगी। डा. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी और पीटीएस में पासिंग आउट परेड आयोजित की गई।
डा. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी और पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर का प्रशिक्षण पांच फरवरी 2020 से शुरू हुआ था। पुलिस अकादमी के लिए 200 प्रशिक्षु कंप्यूटर ऑपरेटर आवंटित हुए थे, लेकिन 192 प्रशिक्षुओं ने ही आमद कराई थी। छह माह तक आउट डोर और इंडोर का प्रशिक्षण चला। जिसमें 14 कैडेट सफल नहीं हो सके। 178 उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं परेड ग्राउंड में शपथ लेने पहुंचे। कोरोना वायरस को देखते हुए परेड की केवल औपचारिकताएं ही की गई हैं।
सोशल डिस्टेंस का विशेष ध्यान रखते हुए एडीजी राजीव कुष्ण ने शपथ दिलाई। इसके अलावा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल पीटीसी में प्रशिक्षण के लिए 90 महिला कंप्यूटर ऑपरेटर ने आमद कराई थी। तीन महिला प्रशिक्षु ने प्रशिक्षण अवधि में ही मेडिकल ले लिया था, जबकि एक महिला प्रशिक्षु अभी अपना प्रशिक्षण पूरा नहीं कर सकी है। 86 महिला कंप्यूटर ऑपरेटर छह माह का प्रशिक्षण लेने के बाद शुक्रवार को पास आउट के बाद यूपी पुलिस का हिस्सा बन गईं। यहां डीआईजी पूनम श्रीवास्तव ने शपथ दिलाई।
छह माह इन विषयों का चला प्रशिक्षण
मुरादाबाद। प्रशिक्षु कंप्यूटर ऑपरेटर को इंडोर प्रशिक्षण में आधुनिक भारत में पुलिस, पुलिस संगठन एवं प्रशासन, मानव व्यवहार, वित्त एवं सेवा नियमावली, पुलिस थाना प्रबंधन एवं अपराध नियंत्रण, अपराध दंड संहिता, साक्ष्य अधिनियम, संविधान एवं मानवाधिकार, स्थानीय एवं विशेष अधिनियम, विवेचना, पुलिस रेगुलेशन, नियम मैनुअल, साइबर फोरेंसिक एवं फोरेंसिक साइंस, बेसिक आइटी एवं कंप्यूटर संचालन सिस्टम एडमिनिस्ट्रेशन सीसीटीएनएस कोर एप्लीकेशन साफ्टवेयर, आउटडोर विषयों में पदाति प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, पीटी, योगासन का प्रशिक्षण दिया गया।
ये है सीसीटीएनएस
उत्तर प्रदेश पुलिस ने सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) में अपना सभी कार्य शुरू किया है। एफआईआर, चार्जशीट, विवेचना, अपराधियों का रिकार्ड और थाने से संबंधित पत्रावालियां, एनसीआर से लेकर मुलजिमों के चालान तक सभी कंप्यूटर पर दर्ज किया जाता है, लेकिन विभाग में कंप्यूटर आपरेटरों की भारी कमी की वजह से ये कार्य उस तेजी से नहीं हो पा रहा था। पुलिस विभाग में पहले से तैनात कंप्यूटर की जानकारी रखने वाले पुलिस कर्मियों को ही अतिरिक्त जिम्मेदारी दे रखी थी, लेकिन अब पुलिस विभाग में कंप्यूटर आपरेटरों की अलग से भर्ती की गई है। ताकी कार्य में तेजी आ सके।
अयोध्या की गायत्री, सावित्री एक साथ हुई पास आउट
अयोध्या के दर्शनपुर निवासी जुड़वां बहनें गायत्री भारती और सावित्री भारती पीटीएस से एक साथ पास आउट हुई हैं। दोनों बहनों ने एक साथ लखनऊ से कंप्यूटर साइंस में पॉलीटेक्निक किया है। इनके पिता श्रीकांत भारती पोस्ट ऑफिस में कार्यरत हैं। जबकि दो भाई यशवीर भारती और सौरभ भारती सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे हैं। दोनों बहनों का कहना है कि आगे भी अपनी तैयारी जारी रखेंगीं।
प्रणदीप सिंह और प्रीति सिंह चुने गए सर्वांग सर्वोत्तम
डा. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी में छह माह चल चले आउट डोर और इंडोर के प्रशिक्षण में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले कैडेट प्रणदीप सिंह को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया है। वह मूलरूप अमरोहा के रजबपुर थानाक्षेत्र के नाईपुरा गांव निवासी हैं। प्रणदीप के पिता शिक्षक थे। उनका देहांत हो चुका है। बड़े भाई इंजीनियर हैं। प्रणदीप ने बताया कि उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है। प्रणदीप को रामपुर में तैनाती दी गई है। पीटीएस में पास आउट होने वाली महिला कंप्यूटर आपरेटर में प्रीति सिंह सर्वांग सर्वोत्तम चुनी गई हैं। प्रीति कानपुर के विजय नगर निवासी हैं। प्रीति की पोस्टिंग प्रयागराज में हुई है। प्रीति ने बताया कि वह सिविल सर्विस की तैयारी कर रही हैं। आईपीएस बनना चाहती हैं।
वर्तमान युग में फील्ड के साथ ही कंप्यूटर का भी उतना ही महत्व है: एडीजी
मुरादाबाद। दीक्षांत परेड के मुख्य अतिथि एडीजी राजीव कुष्ण ने पास आउट सभी कैडेट को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस विभाग में फील्ड के साथ ही कंप्यूटर का भी उतना ही महत्व है। आप जहां भी तैनात रहें अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी से करें। उन्होंने सर्वांग सर्वोत्तम प्रणदीप को सम्मानित किया। इस दौरान डीआईजी पूनम श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक मोनिका चड्ढा, पुलिस उपाधीक्षक पूनम मिश्रा समेत अन्य अधिकारी और ट्रेनिंग ले रहे प्रशिक्षु आईपीएस भी मौजूद रहे।