UP: मुरादाबाद जिले से 500 श्रमिक जाएंगे इस्राइल, श्रम विभाग पंजीकरण को तैयार, आवेदन की प्रक्रिया हो गई शुरू
सरकार के निर्देश के बाद श्रम विभाग ने विदेश जाने वाले श्रमिकों के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों से संपर्क किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की निगरानी में लोगों को इस्राइल भेजा जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद जिले से करीब 500 से अधिक श्रमिकों को इस्राइल भेजने की तैयारी है। श्रम विभाग ने इसके प्रयास शुरू कर दिए हैं। इस संबंध में सहायक श्रमायुक्त ने बृहस्पतिवार हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी और कारखानेदार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से वार्ता कर बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों को इसके लिए प्रेरित करने तथा उनकी सहायता कर आवेदन कराने को कहा।
इसके साथ ही श्रम विभाग की पंजीकृत श्रमिकों के हितों के लिए संचालित योजनाओं व श्रमिकों को मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी देकर उसे श्रमिकों तक पहुंचाने की अपील की। सहायक श्रमायुक्त सतीश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों को इस्राइल भेजा जाना है।
इसके लिए श्रम विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं। शासन स्तर से हालांकि इसके लिए लक्ष्य नहीं निर्धारित किया गया है, लेकिन श्रम विभाग ने जिले से 500 से अधिक श्रमिकों को इस्राइल भेजे जाने का लक्ष्य बनाया है। राजमिस्त्री, जाल बांधने, टॉयल्स और वेल्डिंग कार्य के अनुभवी इच्छुक श्रमिक इसके लिए पांच जनवरी तक आवेदन कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
इसके लिए कोई शैक्षिक योग्यता नहीं है, लेकिन उसे अपने कार्य से संबंधित नक्शों आदि की परख होनी चाहिए। आवेदकों का दिल्ली में साक्षात्कार होगा और उसके बाद भारत सरकार की निगरानी में वह इसराइल भेजे जाएंगे। जहां उन्हें रहने की सुविधा वहां की सरकार देगी। कार्य के बदले उन्हें 1.38 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
सहायक श्रम आयुक्त ने हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष नोमान मंसूरी, कारखानेदार एसोसिएशन के अध्यक्ष आजम अंसारी आदि के साथ कार्यालय में बैठक कर उनसे जिले से बिल्डिंग कार्य से जुड़े अधिक से अधिक लोगों के आवेदन कराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 2021 से 31 मार्च 2022 के बीच जिन लोगों के श्रमिक कार्ड बने हैं उन्हें श्रम विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत लाभांवित किया जा रहा है। जिसकी जानकारी भी पंजीकृत श्रमिकों तक पहुंचाने की अपील की।