मुरादाबाद में हादसा: डिवाइडर से टकराई बाइक... हाईवे पर गिरे तीन दोस्त, दो की वाहन से कुचलकर मौत
मुरादाबाद के मूंढापांडे इलाके में हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जाता है कि तीनों एक बाइक पर सवार थे। तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद वह सड़क पर गिर गए। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को कुलच दिया।
विस्तार
मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली लखनऊ हाईवे पर बजे गनेश घाट के पास बाइक सवार तीन दोस्त बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर गए। इस दौरान तीनों दोस्त पीछे आ रहे वाहन की चपेट में आ गए।
वाहन से कुचलकर विकास (26) ,राहुल (28) की मौत हो गई जबकि इनका साथी प्रदुमन गंभीर रूप से घायल लो गया। उसे रामपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली के मदन खादर सरिता विहार निवासी विकास, बिहार के मधुबनी जनपद के फूलपुर पराग थाना क्षेत्र के सदुई निवासी राहुल और फरुर्खाबाद के सियापुर थाना क्षेत्र के कमालगंज निवासी प्रदुमन नोएडा स्थित फैक्टरी में काम करते थे।
मंगलवार रात वह नोएडा से उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर के लिए रवाना हुए थे। दिनेशपुर में तीनों को एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होना था। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे इनकी बाइक मूंढापांडे थाना क्षेत्र में गणेशघाट गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रही थी।
इसी दौरान बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए । इसी दौरान पीछे से आए वाहन की चपेट में तीनों आ गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 नंबर एंबुलेंस से रामपुर जिला अस्पताल भिजवा दिया।
मूंढापांडे के एसएचओ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि डाॅक्टरों ने विकास तथा राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रदुमन को भर्ती कर लिया है। पुलिस ने विकास और राहुल के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, फैक्टरी कर्मचारी की मौत
पाकबड़ा थाना क्षेत्र में डींगरपुर रोड पर ट्रक ने बाइक को में टक्कर मार दी। इस हादसे में मैनाठेर के लालपुर गंगवारी निवासी फैक्टरी कर्मचारी महावीर की मौत हो गई जबकि उसका दामाद और बेटा घायल हो गए। मौके पर पहुंच पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव लालपुर गंगवारी निवासी महावीर (52) फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे महावीर अपने दामाद भोजपुर के जैतपुर गांव निवासी गजेंद्र पाल (30) और बेटे अजय (16) के साथ पाकबड़ा किसी काम से आ रहे थे।
तीनों पाकबड़ा थाना क्षेत्र में डींगरपुर रोड पर करनपुर चौराहे के पास पहुंचे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घायल हुए उसके दामाद गजेंद्र पाल और बेटे अजय को अस्पताल में भर्ती कराया। पाकबड़ा थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।