नगर पालिका चेयरमैन के बेटे ने थाने में किया हंगामा, पुलिस से अभद्रता
मुरादाबाद के पाकबड़ा थाने में शुक्रवार को भाजपा नेता और पाकबड़ा चेयरमैन के बेटे ने साथियों संग हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से अभद्रता की। पाकबड़ा चेयरमैन के बेटे के खिलाफ दो दिन में दर्ज की गई दूसरी एफआईआर का विरोध जताया है। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया है।
बृहस्पतिवार रात को सपा और भाजपा नेताओं के बीच झगड़ा होने के मामले में शुक्रवार को पाकबड़ा चेयरमैन के बेटे सहित दोनों पक्ष के 19 लोगों के खिलाफ नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जानलेवा हमला सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पाकबड़ा चेयरमैन खेमवती की तहरीर पर पुलिस ने बॉबी, शाहरुख, रिजवान, अकरम, सद्दाम, सालिम और शहंशाह सहित 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से मो. फैजान की तहरीर पर पाकबड़ा चेयरमैन के बेटे राम रक्षपाल उर्फ रिंकू, उसके साथी दिशांत दिवाकर, कोमल, केशव गोस्वामी, रंजीत सैनी, मीनू सैनी, भीष्म गोस्वामी, मो. कासिम, ललित, चरण सिंह और सुरेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
खुद के खिलाफ दो दिन में दूसरी रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को रिंकू अपने साथियों के साथ पाकबड़ा थाने पहुंच गया। इस दौरान वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि भाजपाइयों ने थाने में हंगामा किया , विरोध करने पर पुलिसकर्मियों से अभद्रता की।
एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा चेयरमैन के बेटे ने साथियों संग थाने में हंगामा किया है। उसके खिलाफ दो दिन में दो रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हैं। पाकबड़ा में तनाव के मद्देनजर पुलिस तैनात है, जल्द ही माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई भी होगी।