मुरादाबाद। लखीमपुर खीरी कांड के विरोध में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की बर्खास्तगी की मांग को लेकर अमित शाह को ज्ञापन देने जा रहे सपाइयों को पुलिस ने सर्किट हाउस रोड पर रोक लिया। इस बात को लेकर सपाइयों की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद, एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर सपाइयों से ज्ञापन लिया। इसके चलते कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा।
बृहस्पतिवार को सपा कार्यकर्ता सर्किट हाउस में अमित शाह को ज्ञापन देने जा रहे थे। लाल टोपी लगाए सपा कार्यकर्ता जब सर्किट हाउस की ओर जाने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कार्यकर्ताओं की अगुवाई कर रहे महानगर अध्यक्ष शाने अली शानू ने पुलिस को बताया कि लखीमपुर खीरी कांड के विरोध में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन देने जा रहे हैं। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को जाने नहीं दिया। इस पर सपाइयों की पुलिस से तीखी झड़प भी हुई। सूचना मिलने पर एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सपाइयों को समझाया और उनका ज्ञापन केंद्रीय गृह मंत्री को भेजने का आश्वासन दिया। सपाइयों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर वापस चले आए। सपा नेता जयवीर यादव व महानगर अध्यक्ष शाने अली शानू ने पुलिस पर शांतिप्रिय ढंग से केंद्रीय गृह मंत्री को ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप भी लगाया।