{"_id":"662dcd511cecd52ddf022eeb","slug":"moradabad-tractor-trolley-overturned-after-being-hit-by-dumper-two-brothers-died-on-the-spot-2024-04-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Moradabad: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो भाइयों की मौके पर ही मौत, पिता की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Moradabad: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो भाइयों की मौके पर ही मौत, पिता की हालत गंभीर
Sun, 28 Apr 2024 09:45 AM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
Published by: विमल शर्मा
Updated Sun, 28 Apr 2024 09:45 AM IST
सार
भगतपुर में डंपर की टक्कर से पलटे ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से भाइयों की मौत हो गई। उनके पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस आरोपी डंपर चालक का पता लगा रही है।
विज्ञापन
मुरादाबाद में सड़क हादसा(FILE)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भगतपुर थाना क्षेत्र में दलपतपुर-अलीगंज मार्ग पर मिलक खैरखाता गांव के पास शनिवार रात तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई। हादसे में दो सगे भाई चंद्रभान (30) सिंह और चंद्रसेन (23) की मौत हो गई।
विज्ञापन
इनके पिता लाखन सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक डंपर दौड़ाकर भाग गया। भगतपुर के चिरोठहाई उत्तरी गांव निवासी किसान लाखन सिंह शनिवार शाम अपने दो बेटे चंद्रभान सिंह और चंद्रसेन को साथ लेकर मूंढापांडे के गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली से भूसा लेने जा रहे थे।
विज्ञापन
चंद्रभान ट्रैक्टर चला रहा था, जबकि उसके बराबर में छोटा भाई चंद्रसेन बैठा था। लाखन सिंह ट्राॅली में बैठे थे। शनिवार शाम पौने छह बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली दलपतपुर अलीगंज मार्ग पर मिलक खैरखाता गांव के पास पहुंची।
विज्ञापन
इसी दौरान पीछे से तेजी से डंपर आया और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे के बाद डंपर चालक डंपर दौड़ाकर दलपतपुर की ओर भाग गया।
हादसे के बाद आस पड़ोस के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर दौड़े। अन्य वाहन भी रुक गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। क्रेन से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा किया गया। तब तक चंद्रभान और चंद्रसेन की मृत्यु हो चुकी थी। जबकि लाखन सिंह घायल हो गए।
उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलने पर लाखन सिंह के परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हादसे के जिम्मेदार डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग की है।
एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।