एक ही चिता पर अंतिम संस्कार: जहर खाने के बाद पेड़ से लटका था किसान, खेत में पत्नी की गला दबाकर की गई थी हत्या
कांठ इलाके में खेत में चारा लेने गए दंपती के शव मिले थे। पुलिस इसकी जांच में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि पति की जहर खाने से मौत जबकि पत्नी की गला दबाकर हत्या की गई है। दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के मल्लीवाला गांव के जंगल में बुधवार शाम महिला इंद्रो देवी की हत्या की गई थी। बृहस्पतिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। गला और मुंह दबाने के कारण इंद्रो देवी की दम घुटने से मौत हुई थी। जबकि किसान जहर खाने के बाद फंदे से लटका था।
शरीर में जहर के लक्षण मिलने के बाद विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। कांठ के पट्टी मोढ़ा गुलड़िया निवासी 55 वर्षीय किसान प्रेम सिंह सैनी बुधवार दोपहर करीब एक बजे अपनी पत्नी इंद्रो देवी(50) के साथ मोपेड से पशुओं का चारा लेने के लिए खेत पर गए थे, लेकिन देर शाम तक दोनों घर नहीं लौटे थे।
जानकारी मिलने पर किसान के बेटे दुष्यंत ने पड़ोसी गांव मिश्रीपुर निवासी अपने ससुर सूरज सिंह को खेत पर भेजा था, तब पता चला था कि प्रेम सिंह सैनी का शव गमछे के सहारे पेड़ पर लटका हुआ है और करीब 50 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में उनकी पत्नी इंद्रो देवी मृत अवस्था पड़ी मिली थी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर के पैनल में किए गए पोस्टमार्टम की डिजिटल वीडियो और फोटोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, इंद्रो देवी की मुंह और गला दबाने के कारण दम घुटने से मौत हुई थी। जबकि प्रेम सिंह फंदे से लटकने से पहले ही जहर खा चुका था।
हालांकि पुलिस की अब तक जांच पड़ताल में ये साफ नहीं हुआ है कि प्रेम सिंह ने पत्नी की हत्या की थी या नहीं। अभी इसमें ये भी साफ नहीं हुआ कि इसमें कोई और तो शामिल नहीं था। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि हर पहलू की जांच की जा रही है।
दंपती के बड़े बेटे ने दी मुखाग्नि
बृहस्पतिवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव घर लाए गए। सुबह से ही घर में रिश्तेदारों व ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। शाम करीब चार बजे दोनों शवों को पट्टी मौढ़ा स्थित आवास से एक ही अर्थी पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। परिजन गमगीन माहौल में शवों को रामगंगा तट पर ले गए, जहां एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
दंपती के बड़े बेटे दुष्यंत ने मुखाग्नि दी। इस दौरान सीओ ठाकुरद्वारा राजेश तिवारी, थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ योगेंद्र कुमार सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम जयदेव सिंह यादव भारी फोर्स के साथ मौजूद रहे। वहीं दंपती की मौत से उसके बड़े बेटे दुष्यंत, छोटे बेटे टीकम सिंह, पुत्रवधू कविता सहित सभी परिजनों सदमे में हैं।