मुरादाबाद से आसमानी सफर: पहली उड़ान की तैयारियां पूरी, कल सुबह 10 बजे लखनऊ के लिए प्रस्तावित है पहली फ्लाइट
पहले दिन सुबह 10 बजे विमान की उड़ान की योजना है। शुक्रवार यानी आज की बैठक में कार्यक्रम का एजेंडा तय होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
10 अगस्त को सुबह 10 बजे मुरादाबाद से लखनऊ के लिए 19 सीटर विमान उड़ान भर सकता है। इस तरह जिले के लोगों का 10 साल का इंतजार समाप्त होने की संभावना है। फ्लाई बिग व एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से सारी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मूंढापांडे स्थित एयरपोर्ट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन की योजना है। जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के आला अधिकारी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।
शनिवार सुबह 9 बजे से कार्यक्रम शुरू करने की रणनीति बनाई गई है। पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्य अतिथि कौन होगा, इसका निर्णय शुक्रवार को होने वाली बैठक में किया जाएगा। इस बैठक में जिला प्रशासन, एएआई व फ्लाई बिग कंपनी के अधिकारी शामिल होंगे। संभावना है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह विमान को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना करेंगे। फ्लाइट की बुकिंग तीन दिन पहले ही शुरू की जा चुकी है।
फ्लाई बिग ने एयरपोर्ट पर दो बुकिंग काउंटर बनाए हैं। यात्रियों को चेक-इन के लिए फ्लाइट से 45 मिनट पहले पहुंचना होगा। एयरपोर्ट पर पार्किंग के साथ वेटिंग एरिया की सुविधा भी लोगों को मिलेगी। खानपान के लिए कैफेटेरिया का प्रबंध भी किया गया है।
पांच माह पहले उद्घाटन, अब उड़ान की उम्मीद
एयरपोर्ट का उद्घाटन 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया था। इसके बाद उड़ान शुरू होने में पांच माह का समय लग गया है। कभी विमान की कमी तो कभी फ्यूल स्टेशन की बाधा के कारण उड़ान टलती रही। अब एचपीसीएल कंपनी को डीजीसीए की ओर से फ्यूल स्टेशन के निर्माण व मोबाइल टैंकर से फ्यूल आपूर्ति की अनुमति मिल गई है। दूसरी ओर फ्लाई बिग ने भी विमान व स्टाफ का प्रबंध कर लिया है।
ऐसे करें बुकिंग
ऑनलाइन बुकिंग के लिए फ्लाईबिग डॉट इन पर जाएं। इससे सीधे बुक फ्लाइट की विंडो खुल जाएगी। वन वे या राउंड ट्रिप में से किसी एक विकल्प का चयन कर अपनी यात्रा का विवरण दर्ज करें। इसके बाद सर्च फ्लाइट्स पर क्लिक करते ही फ्लाइट का समय व सीटों की उपलब्धता दिख जाएगी। सीट लेफ्ट पर क्लिक करने से आपको यात्रा के दौरान के मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी मिलेगी। यहां कंटीन्यू पर क्लिक करके अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन कर बुकिंग पूरी कर सकते हैं। बुकिंग होते ही आपके मोबाइल नंबर पर एसएमएस आ जाएगा। इसके अलावा ई-मेल पर आनलाइन टिकट भी मिल जाएगा।
पहले दिन सुबह 10 बजे विमान की उड़ान की योजना है। शुक्रवार को होने वाली बैठक में कार्यक्रम का एजेंडा तय होगा। कौन अतिथि शामिल होंगे। इसका फैसला जिला प्रशासन करेगा। हमने सारी तैयारियां कर ली हैं। -अमरजीत सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर
सप्ताह में तीन दिन मुरादाबाद से लखनऊ की फ्लाइट मिलेगी। बेस फेयर 999 रुपये रखा गया है। जीएसटी आदि मिलाकर कुल किराया 1348 रुपये है। लोग एयरपोर्ट पर आकर भी बुकिंग करा सकते हैं। -राजीव कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, फ्लाई बिग