कुंदरकी। बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत डींगरपुर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य रात्रि चौपाल लगाई गई। चौपाल का उद्घाटन कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने किया।चौपाल में विधायक ने चार परिवारों को गोद लिया। वहीं दो दिव्यांगों को स्कूटी भेंट की।
चौपाल में विधायक रामवीर सिंह, डीएम व एसएसपी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए। डीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। चौपाल में विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विधायक ने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। चौपाल में विधायक ने मिलक बांहपुर गांव निवासी दिव्यांग राजू एवं मधुपुरी गांव निवासी रॉकी सैनी को स्कूटी भेंट की। विधायक ने विकास खंड के चार परिवारों को भी गोद लिया। जिसमें जटपुरा गांव निवासी मनीषा, जैतपुर पट्टी गांव निवासी ननकी, अहलादपुर गांव निवासी मजहबी और अल्लापुर भीकन गांव निवासी अफसाना का परिवार शामिल हैं। इन परिवारों का भरण पोषण और बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी विधायक ने ली है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नगमा जिलानी, गुलाम जिलानी, संजय कश्यप, बबलू जाटव, ज्योति वाल्मीकि, नफीसुल हसन फौजी, बीडीओ राजेंद्र सिंह व सचिव नित्यानंद आदि रहे। संवाद