मुरादाबाद में भाजपा नेता का लाइव मर्डर: बीस सेकेंड में मारीं चार गोलियां, गिरने के बाद भी लौटकर देखने आए बदमाश
मुरादाबाद में भाजपा नेता अनुज चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह दोस्त के साथ सोसायटी में टहल रहे थे। बताया जाता है कि उन्हें संभल पुलिस की तरफ से एक गनर मिला था जबकि उन्होंने दो निजी सुरक्षाकर्मी रखे थे। घटना के बाद मौके पर डीआईजी समेत अन्य अधिकारी पहुंचे।
विस्तार
नया मुरादाबाद स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसायटी में बृहस्पतिवार शाम छह बजे भाजपा नेता एवं असमोली ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशी रहे अनुज चौधरी (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके सिर, कंधे और पीठ में चार गोलियां मारी गईं। वह अपने दोस्त के साथ सोसायटी में ही सड़क पर टहल रहे थे, जबकि उनका गनर और स्टाफ फ्लैट में मौजूद था। परिजनों ने चुनावी रंजिश को वजह बताते हुए असमोली ब्लॉक प्रमुख के पति और उसके बेटे सहित चार पर मुकदमा दर्ज कराया है। संभल जिले के एचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के अलिया नेकपुर निवासी अनुज चौधरी मझोला क्षेत्र में पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसायटी में टावर टी-7 के फ्लैट नंबर 401 और 402 में रहते थे। उन्होंने असमोली ब्लॉक के प्रमुखी का चुनाव लड़ा था।
पहली गोली चलती बाइक से ही अनुज के सिर में मारी
मुरादाबाद में पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसायटी में रहने वाले कुछ लोग टहल रहे थे तो कुछ लोग टहलने जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अनुज अपने दोस्त पुनीत चौधरी के साथ फ्लैट से निकले और जीने से नीचे आने के बाद गेट नंबर एक के सामने सड़क पर टहलने लगे। अनुज और पुनीत से कुछ ही दूरी पर एक अन्य व्यक्ति मोबाइल पर बात करते हुए टहल रहा था। ठीक 6 बजे पीछे से एक बाइक आई। जिस पर तीन युवक सवार थे। बाइक अनुज के समीप पहुंची तभी पीछे बैठे व्यक्ति ने अनुज के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी।