Forest Guard Exam: चचेरे भाई की जगह परीक्षा देता पकड़ा गया सॉल्वर, हर जगह दिया चकमा, शातिर से यहां हो गई चूक
सविल लाइंस क्षेत्र में आरएन इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक अशीष गुप्ता द्वारा जांच में एक परीक्षार्थी निर्मल कुमार का फोटो एवं हस्ताक्षर का मिलान नहीं हुआ। तब परीक्षार्थी से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने पहले अपना नाम विराज बताया। इसके बाद उसने अपना नाम अभिषेक कुमार बताया। इस दौरान उसकी हेराफेरी पकड़ी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद में लेखपाल परीक्षा के बाद अब वन रक्षक परीक्षा में भी सॉल्वर गैंग ने सेंध लगाने की कोशिश की। यहां आरएन इंटर कॉलेज में परीक्षार्थी की जगह सॉल्वर परीक्षा देते पकड़ा गया है। उसने बताया कि वह अपने चचेरे भाई की जगह बैठा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभिषेक फिरोजाबाद के कटोरा बुजुर्ग गांव का रहने वाला है।
सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी के मुताबिक, मुरादाबाद में वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक परीक्षा के लिए 58 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सविल लाइंस क्षेत्र में आरएन इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दी कि कक्ष संख्या दो में कक्ष निरीक्षक अशीष गुप्ता और रितिक शर्मा परीक्षार्थियों की फोटो और हस्ताक्षर का मिलान करा रहे थे, लेकिन एक परीक्षार्थी निर्मल कुमार का फोटो एवं हस्ताक्षर का मिलान नहीं हो रहा है। तब परीक्षार्थी से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने पहले अपना नाम विराज बताया। इसके बाद उसने अपना नाम अभिषेक कुमार बताया।
तलाशी लेने पर उससे दो आधार कार्ड भी मिले हैं। उसने बताया कि उसने स्कैन कर निर्मल के आधार कार्ड पर अपना फोटो लगा लिया था। निर्मल उसका चचेरा भाई है। वह उसकी जगह परीक्षा देने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सॉल्वर अभिषेक कुमार और असली परीक्षार्थी आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के कटोरा बुजुर्ग गांव के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में प्रधानाचार्य छोटे लाल की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में टीम लगी है।