हैलो सर, कैसी है आपकी तबीयत, हम क्या मदद कर सकते हैं... मुरादाबाद में ऐसे रखा जा रहा कोरोना मरीजों का ध्यान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुरादाबाद में कोरोना के बिना लक्षणों वाले होम आइसोलेट मरीजों की प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के एकीकृत कंट्रोल रूम से निगरानी शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों को रोजाना सुबह-शाम फोन कर उनकी खैर खबर ले रही है।
मरीजों से उनके और परिवार के अन्य लोगों के स्वास्थ्य के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। उनका हौसला बढ़ाने के साथ इम्युनिटी बढ़ाने के लिए नियमित आधे घंटे योग करने की सलाह भी दी जा रही है। क्वारंटीन लोगों का भी हर दूसरे दिन फोन कर स्वास्थ्य अपडेट लिया जा रहा है।
कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने पर सरकार ने बिना लक्षणों वाले मरीजों के लिए होम आइसोलेशन की सुविधा दी है। होम आइसोलेशन के मानक निर्धारित किए हैं।
मेडिकल टीम मरीज की स्क्रीनिंग कर रही है। सांस नहीं फूलने और अन्य गंभीर लक्षण नहीं होने पर ही मेडिकल टीम होम आइसोलेट की अनुमति दे रही है। मुरादाबाद में 47 मरीज होम आइसोलेट हैं। जबकि 90 आशंकित क्वारंटीन हैं।
होम आइसोलेट मरीजों की न्यूनतम सात दिनों तक निगरानी की जा रही है। आइसोलेट लोगों को अपना ऑक्सीजन लेवल और बुखार मापने के साथ हर रोज आरोग्य सेतु एप पर अपडेट भी करना है।
इसके लिए कलक्ट्रेट में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का एकीकृत कंट्रोल रूम खोला गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम होम आइसोलेट मरीजों को सुबह और शाम फोन कर उनके स्वास्थ्य की अपडेट ले रही है।
कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रभारी रघुवीर सिंह के मुताबिक मरीजों के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। इसमें यदि किसी को परेशानी हो रही है तो मेडिकल टीम उनके घर भेजी जा रही है। ताकि जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया जा सके।
आइसोलेट लोग का ऑक्सीजन लेवल, बुखार, खांसी, जुकाम, सांस फूलने जैसे कोई लक्षण हैं या नहीं, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए प्रोटोकॉल के हिसाब से दवाएं, विटामिन डी और सी की प्रचुर मात्रा वाले फलों, जूस के सेवन के साथ योग करने की सलाह दी जा रही है। घबराहट की शिकायत कर रहे हैं। ऐसे लोगों का हौसला बढ़ाया जा रहा है।
बुद्ध विहार, सेक्टर एक निवासी 25 वर्षीय संक्रमित युवक ने बताया कि वह 27 जुलाई को रैपिड एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव आया था। उसमें कोई लक्षण नहीं थे, लेकिन दोस्तों के साथ एहतियातन चेकअप करवाया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
वह बिल्कुल ठीक है। कंट्रोल रूम से पूछताछ को फोन आता है। नगर निगम की टीम भी सैनिटाइजेशन कर गई। छह अगस्त तक उसके होम आइसोलेशन की अवधि है।
गोविंद नगर निवासी 19 साल की युवती ने बताया कि उसके माता एवं पिता समेत परिवार में 11 सदस्य संक्रमित हैं। माता-पिता टीएमयू में भर्ती हैं। 25 जुलाई को एंटीजन टेस्ट से नौ लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई।
किसी में लक्षण नहीं हैं और नौ लोग होम आइसोलेट हैं। कंट्रोल रूम से सुबह और शाम फोन कर पूछताछ करते हैं। सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं और चार अगस्त तक होम आइसोलेट रहना है।
स्टेशन रोड बिलारी निवासी 31 वर्षीय युवक 26 जुलाई को एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव आया। युवक ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसके पॉजिटिव आने पर परिवार के सभी सदस्यों की जांच कराई गई और रिपोर्ट निगेटिव आई।
26 जुलाई से वह होम आइसोलेट है और कोई परेशानी नहीं है। कंट्रोल रूम से रोजाना फोन आता है। इम्युनिटी बढ़ाने की सलाह देते हैं।