विद्यार्थियों का विवरण दर्ज करने में पिछड़ा जिला, 20वां स्थान
मुरादाबाद। माध्यमिक शिक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग में अध्ययनरत विद्यार्थियों का डाटा यू-डाइस पोर्टल पर अपलोड करने में जिला पिछड़ गया है। मुरादाबाद का प्रदेश में खराब प्रदर्शन करने वाले 25 जनपदों में 20वां स्थान है। इससे नाराज महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने डीआईओएस और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी किया है। बीएसए का कहना है कि कई कारणों की वजह से देरी हुई है। शुक्रवार तक जिले में 3.82 फीसदी विद्यार्थियों का डाटा अपलोड हो गया है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद द्वारा नौ मार्च को जारी किए गए पत्र के अनुसार पत्र, ऑनलाइन सेशन और समीक्षा बैठकों में जनपदों को यू-डायस की गतिविधि में स्टूडेंट प्रोफाइल के अंतर्गत विद्यालयवार अध्ययनरत विद्यार्थियों के विवरण को दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। मुरादाबाद जनपद में तीन मार्च तक 1.88 फीसदी विद्यार्थियों का डेटा ही अपलोड हो सका है। तीन मार्च तक यू-डायस पोर्टल से प्राप्त प्रगति रिपोर्ट में जनपद की स्थिति बहुत खराब है जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने डीआईओएस व बीएसए को सात दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।विद्यार्थियों के लाभ के साथ शिक्षकों को होगी सहूलियत
माध्यमिक शिक्षा व बेसिक शिक्षा विभाग में अध्ययनरत विद्यार्थियों की यूनिक आईडी बनाकर यू-डायस पोर्टल पर छात्रों की पूरी प्रोफाइल अपलोड की जानी है। इसके लिए शासन स्तर से कवायद की जा रही है। इससे न सिर्फ विद्यार्थियों को लाभ होगा, बल्कि शिक्षकों को भी सहूलियत हो जाएगी। इस पर रिकॉर्ड दर्ज होने के बाद छात्र दो स्कूलों से नामांकन नहीं करा पाएंगे। इससे नामांकन और छात्रवृत्ति की अनियमितता रुकेगी। इसके अलावा यह भी पता चल जाएगा कि छात्र की आगे की पढ़ाई जारी है या नहीं। मध्यान्ह भोजन योजना, डीबीटी के माध्यम से होने वाली धनराशि की दिक्कतों से भी राहत मिलेगी।
ब्लॉक में बिलारी सबसे आगे और भगतपुर टांडा पीछे
शुक्रवार को विभाग ने जारी किए आंकड़ों के अनुसार बिलारी जनपद में स्टूडेंट प्रोफाइल दर्ज करने में 11.62 फीसदी के साथ सबसे आगे है। इसके बाद ठाकुरद्वारा 4.51 फीसदी, छजलैट 3.93 फीसदी, कुंदरकी 3.72 फीसदी, मुरादाबाद सिटी 3.64 फीसदी, मूंढापांडे में 3.55 फीसदी, डिलारी में 2.54 फीसदी, मुरादाबाद में 2.06 फीसदी और भगतपुर टांडा में सिर्फ 0.48 फीसदी विद्यार्थियों का डेटा ही अपलोड हो सकता है।
पोर्टल में समस्या, शिक्षकों की बोर्ड परीक्षाओं में ड्यूटी के अलावा अन्य समस्याओं की वजह से विवरण दर्ज होने में दिक्कत आई है। सभी को विद्यार्थियों का विवरण भरने के निर्देश दिए हैं।
बुद्धप्रिय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।
बोर्ड परीक्षा की वजह से विद्यार्थियों का डाटा दर्ज करने में देरी हुई है। महानिदेशक ने एक सप्ताह का समय दिया है। तब तक काफी संख्या में विद्यार्थियों का डेटा अपलोड कर दिया जाएगा।
डॉ. अरुण कुमार दुबे, जिला विद्यालय निरीक्षक।